भाजपा-आरएसएस की 'नफरत भरी सोच' संविधान को नष्ट कर रही है: राहुल गांधी

img

रायगंज/मालदा (पश्चिम बंगाल), मंगलवार, 14 अप्रैल 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ''नफरत भरी सोच'' संविधान को नष्ट कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस राज्य के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है। रायगंज और मालदा में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि ममता बनर्जी सरकार ने बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था, जिसके लिए 84 लाख युवाओं ने आवेदन किया। कांग्रेस नेता ने कहा, ''मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पांच लाख लोगों को नौकरियां देने का वादा किया था। लेकिन 84 लाख युवाओं ने बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन किया है।'' गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए उनपर ''नफरत भरी सोच'' से संविधान को नष्ट करने और ''वोट चोरी में लिप्त'' होने का आरोप भी लगाया।

गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को ''असंवैधानिक'' करार दिया और आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस को जहां भी मौका मिलता है, वे संविधान पर सीधा हमला करते हैं। उन्होंने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए धर्म और जाति के नाम पर एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ भड़काने का आरोप लगाया। मालदा में आयोजित रैली में गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद, एसआईआर के तहत मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए लोगों के नाम बहाल कर दिए जाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस पूरे देश में भाजपा का मुकाबला नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो भाजपा के खिलाफ मुकाबला कर सकती है और उसे हरा सकती है। गांधी ने पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी के लिए तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया, ''तृणमूल ने बंगाल के सभी उद्योगों को बंद कर दिया और सिंडिकेट के जरिए राज्य चला रही है।'' भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ''इससे छोटे और मध्यम आकार के उद्योग बंद हो जाएंगे और भारत में रोजगार का नुकसान होगा।'' एक समय कांग्रेस के गढ़ रहे मालदा में रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने आरोप लगाया, ''मोदी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते में भारत को बेच दिया। वह देशभक्त नहीं, देशद्रोही हैं।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement