पार्किंग स्थलों का व्यवस्थित एवं नियमानुसार संचालन हो सुनिश्चित- मुख्यमंत्री शर्मा

img

जयपुर, गुरुवार, 09 अप्रैल 2026। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर शहर में यातायात प्रबंधन एवं सुधार के लिए प्रगतिरत विभिन्न जेडीए प्रोजेक्ट्स को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस काम में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारी एवं निर्माणकर्ता के विरूद्ध परफॉर्मेंस एवं लिक्विडिटी पैनल्टी की कार्यवाही करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाने की कार्ययोजना को जेडीए एवं यातायात पुलिस संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र लागू करें। 

शर्मा ने जयपुर शहर की यातायात व्यवस्था के रीयल टाइम मैनेजमेंट के लिए नया इंटीग्रेटेड कमाण्ड सेंटर स्थापित करने की कार्ययोजना बनाने के लिए जेडीए, परिवहन, ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम को आपसी समन्वय से काम करने के विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा की दृष्टि से इस सेंटर को मॉडल सेंटर भी बनाया जाए।

शर्मा गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर शहर के यातायात सुधार के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने जेडीए को सीबीआई फाटक, सालिग्रामपुरा फाटक एवं सिविल लाइन फाटक आरओबी, गोपालपुरा एलिवेटेड रोड, सांगानेर एलिवेटेड रोड के काम को गति प्रदान करने एवं पूर्ण गुणवत्ता से पूरा करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही, उन्होंने जेएलएन मार्ग पर यातायात प्रबंधन का प्रभावी प्लान बनाने के भी निर्देश दिए।

विभिन्न प्रोजेक्ट्स की डीपीआर शीघ्र हो तैयार—

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित अरण्य भवन-जगतपुरा एलिवेटेड रोड की डीपीआर को शीघ्र तैयार करने, अजमेर रोड पर पुरानी चुंगी अंडरपास तथा राम मंदिर-रेलवे यार्ड-रेलवे सर्किल के बीच वैकल्पिक मार्ग के लिए प्रस्तावित आरओबी की ट्रैफिक दबाव का आकलन कर पुनः फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि द्रव्यवती एलिवेटेड कॉरिडोर की डीपीआर भी शीघ्र तैयार की जाए। 

शर्मा ने कहा कि महल रोड, सीकर रोड और न्यू सांगानेर रोड को सिग्नल फ्री बनाने एवं बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए डबल यू-टर्न बनाने की कार्ययोजना पर शीघ्र काम प्रारंभ किया जाए। साथ ही, उन्होंने कहा कि आमजन को जाम से राहत दिलाने के लिए रामबाग चौराहे पर बनाई गई फ्री-लेफ्ट टर्न व्यवस्था को शहर के महत्वपूर्ण व्यस्ततम मार्गों एवं प्रमुख चौराहों पर भी लागू किया जाए।

लेन निर्धारण एवं गोलचक्कर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें—

मुख्यमंत्री ने जेडीए को ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को संतुलित करने के लिए चिन्हित चौराहों पर लेन निर्धारण एवं गोलचक्कर निर्माण सहित आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जेडीए एवं यातायात पुलिस को शहर के प्रमुख मार्गों पर अनियमित मीडियन ओपनिंग को जल्द बंद करने तथा यू-टर्न स्थानों को चिन्हित कर कार्यशील बनाने के लिए भी निर्देशित किया।

विभिन्न सेक्टर रोड की कार्यवाही को दें गति—

शर्मा ने प्रमुख चौराहों और बाजारों में पैदल यात्रियों को सुरक्षित रूप से सड़क पार करने के लिए नियंत्रित क्रॉसिंग व्यवस्था को विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए स्पष्ट संकेत बोर्ड, गति नियंत्रण एवं जेबरा क्रॉसिंग की व्यवस्था की सुनिश्चितता के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि महल रोड, डिग्गी रोड और कालवाड़ रोड पर स्कीमों की सेक्टर रोड की कार्यवाही को गति प्रदान की जाए। वहीं, जेडीए, नगर निगम और यातायात पुलिस को जयपुर शहर में पार्किंग से संबंधित सभी स्थानों के सुव्यवस्थित एवं नियमानुसार संचालन के निर्देश दिए। 

आमजन को यातायात नियमों के प्रति करें जागरूक—

मुख्यमंत्री ने यातायात पुलिस को स्वयंसेवी संस्थाओं का साथ लेकर आमजन को नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। वहीं, उन्होंने एफएम के माध्यम से भी यातायात नियमों के प्रति जागरूकता संदेश प्रसारित करने एवं चालान के साथ संबंधित व्यक्ति को संक्षिप्त नियमावली भी प्रेषित करने के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री को यातायात पुलिस ने वीओसी मोबाइल एप से की जा रही प्रभावी कार्रवाई, आईटीएमएस, यातायात संचालन में ड्रोन तकनीक से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से दी। 

बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित मुख्यमंत्री कार्यालय, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, वित्त, परिवहन, जयपुर विकास प्राधिकरण, जयपुर जिला कलक्टर, जयपुर पुलिस कमिश्नर सहित यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement