एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने राजस्थान विश्वविद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया

img

जयपुर, शुक्रवार, 03 अप्रैल 2026। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने राजस्थान विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित एक कार्यक्रम के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इन कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन किया। विश्वविद्यालय के मानविकी पीठ सभागार में शुक्रवार अपराह्न को मरुधरा नारी संगठन के बैनर तले विचार गोष्ठी का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में आरएसएस के कुछ पदाधिकारियों की भी भागीदारी थी जिसको लेकर एनएसयूआई ने विरोध जताया और प्रदर्शन किया। एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर एकत्र हो गए। उन्होंने परिसर में घुसने के लिए बैरिकेड पर चढ़ने का प्रयास किया लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विश्वविद्यालय परिसर के बाहर और भीतर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। एनएसयूआई ने इस कार्यक्रम का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़ा है। एनएसयूआई नेता अमरदीप परिहार ने कहा, ''विश्वविद्यालय परिसर का उपयोग ऐसी गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता है।'' उन्होंने कहा, ''ऐसे कार्यक्रम विश्वविद्यालय परिसर में विशेष विचारधारा को बढ़ावा देते हैं जो शैक्षणिक माहौल के लिए अनुकूल नहीं है।''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement