मोदी शबरिमला मामले पर मौन, उन्हें धर्म की परवाह नहीं: राहुल गांधी
पत्तनमथिट्ठा (केरल), सोमवार, 30 मार्च 2026। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि वह केरल दौरे के दौरान शबरिमला मुद्दे पर चुप रहे, जो साफ संकेत है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) साथ काम कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने अडूर में कांग्रेस की एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि नौ अप्रैल को होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाजपा के “गठजोड़” से मुकाबला करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, “हम एलडीएफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे भाजपा का पूरा समर्थन प्राप्त है। एक तरफ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) है और दूसरी तरफ माकपा-भाजपा का गठजोड़ है।” गांधी ने कहा कि कई साल पहले एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री ने कहा था कि बाजार में एक छिपी हुई ताकत है, और वह अर्थशास्त्र के बारे में एक महत्वपूर्ण बात कह रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन केरल के चुनावों में भाजपा का अप्रत्यक्ष हाथ है।’’ गांधी ने कहा कि भाजपा यहां यूडीएफ को नहीं चाहती क्योंकि वे जानते हैं कि देश में उसे चुनौती देने वाली एकमात्र ताकत कांग्रेस है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा समझती है कि वाम नीत एलडीएफ राष्ट्रीय स्तर पर उसे कभी चुनौती नहीं दे सकता। वह यह भी जानती है कि अगर वह दिल्ली में सत्ता में हैं, तो केरल में कोई भी एलडीएफ सरकार पूरी तरह से उसके नियंत्रण में होगी।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जो लोग भाजपा का विरोध करते हैं, उन पर भाजपा द्वारा हमला किया जाता है और उन्हें धमकाया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया, “मेरे खिलाफ 36 मामले दर्ज किए गए हैं और मुझसे लगातार 55 घंटे तक पूछताछ की गई है। लेकिन केरल के मुख्यमंत्री या एलडीएफ नेताओं के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
गांधी ने कहा, ‘‘सब जानते हैं कि एलडीएफ नेतृत्व भ्रष्ट है। उनके खिलाफ मामले चल रहे हैं, लेकिन भाजपा की ओर से उन पर कोई दबाव नहीं है। न कोई पूछताछ हो रही है, न कोई धमकी दी जा रही है।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, मंदिरों और धर्म के बारे में बात करते हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ‘‘लेकिन वह पलक्कड़ यात्रा के दौरान शबरिमला में हुई घटना को भूल गए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह भूल गए हैं कि वाम मोर्चा के नेताओं ने अयप्पा मंदिर से चोरी की थी। वह भूल गए हैं कि वाम मोर्चा के नेताओं ने अयप्पा मंदिर का सोना चुराकर उसकी जगह पीतल रख दिया था।’’
भगवान अयप्पा स्वामी का मंदिर पत्तनमथिट्टा जिले में ही स्थित है। गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने भाजपा को नुकसान से बचाने के लिए चुप्पी साध रखी थी। उन्होंने कहा, ‘‘इससे दो बातें स्पष्ट होती हैं। पहली यह कि भाजपा और एलडीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। दूसरी यह कि नरेन्द्र मोदी को धर्म, हिंदू धर्म या मंदिरों की परवाह नहीं है।’’ गांधी ने कहा, ‘‘अगर इससे वोट मिलते हैं, तो वह मंदिरों के बारे में बोलेंगे। अगर वह एलडीएफ के हितों की रक्षा करना चाहते हैं, तो वह मंदिरों के बारे में नहीं बोलेंगे।’’ उन्होंने कहा कि यूडीएफ सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मंदिर से संबंधित कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाए।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एलडीएफ अब वामपंथी पार्टी की तरह व्यवहार नहीं करती है। उन्होंने कहा, ‘‘अपने कार्यों और नीतियों में वे भाजपा की तरह ही कॉरपोरेट समर्थक हैं। यह कॉरपोरेट समर्थित और वित्त पोषित सरकार है।’’ गांधी ने कहा कि यूडीएफ ने अतीत में रबर किसानों की मदद की और रबर क्षेत्र की रक्षा की है, जिसमें कठिन समय के दौरान मुआवजा प्रदान करना भी शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘एलडीएफ रबर मजदूरों को मुआवजा देने से इनकार करता है। उन्हें उनकी सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है और वे बड़े व्यवसायों के साथ संबंध रखने में खुश हैं।’’
राहुल गांधी ने अपने इस आरोप को दोहराया कि मोदी ने व्यापार समझौतों के मामलों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम किया। उन्होंने दावा किया कि जब संसद में यह मुद्दा उठाया गया, तो प्रधानमंत्री ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह मोदी को ट्रंप नियंत्रित करते हैं, उसी तरह प्रधानमंत्री भी केरल के मुख्यमंत्री को नियंत्रित करते हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘जिस तरह मोदी अपनी वित्तीय प्रणाली से नियंत्रित होते हैं, उसी तरह आपके मुख्यमंत्री अपने भ्रष्टाचार और वित्तीय प्रणाली से नियंत्रित होते हैं।’’ राहुल ने कहा कि केरल के लोग पर्यावरण और सहअस्तित्व को महत्व देते हैं, और विभिन्न समुदायों और धर्मों के लोग आपसी सम्मान के साथ मिलकर रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आप देश के अन्य हिस्सों को बहुत कुछ सीखा सकते हैं।’’
Similar Post
-
महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए हम प्रतिबद्ध- CM शर्मा
- मुख्यमंत्री ने 1 लाख 22 हजार आंगनबाड़ी कार्यकताओं एवं सहायिकाओ ...
-
सोनिया गांधी की सेहत में ‘शानदार सुधार’ हुआ है, जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने की उम्मीद : डॉक्टर
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मार्च 2026। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिय ...
-
प्रधानमंत्री के बयान पर प्रियंका ने कहा: युद्ध पर राजनीति नहीं होनी चाहिए
नई दिल्ली, सोमवार, 30 मार्च 2026। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गां ...
