तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करें पंत : फाफ डु प्लेसी
नई दिल्ली, बुधवार, 25 मार्च 2026। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी का मानना है कि ऋषभ पंत को तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करनी चाहिये और उन्होंने यह भी कहा कि जोखिम लेकर खेलने की बजाय उन्हें आगामी आईपीएल में निरंतरता पर फोकस करना चाहिये । पंत ने अपने बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करके पिछले सत्र में चौथे नंबर से सलामी बल्लेबाज के तौर पर और फिर निचले क्रम पर भी बल्लेबाजी की । वह लखनऊ सुपर जाइंट्स के लिये आखिरी मैच में तीसरे नंबर पर 61 गेंद में नाबाद 118 रन की पारी खेल सके । डु प्लेसी ने जियो स्टार के ‘आईपीएल टुडे लाइव’ कार्यक्रम में कहा ,‘‘ शायद पंत के लिये तीसरे नंबर पर खेलने का मौका हो ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ लगता है कि वह तीसरे नंबर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकते हैं । मैने पिछले सत्र में उन्हें लखनऊ के लिये तीसरे नंबर पर खेलते देखा जब निकोलस पूरन चौथे नंबर पर उतरे थे ।’’
आरसीबी के पूर्व कप्तान ने कहा ,‘‘ लखनऊ टीम की 2026 की नीलामी को देखें तो उनके पास शीर्षक्रम पर पंत के साथ एडेन माक्ररम, मिचेल मार्श और पूरन जैसे धुरंधर हैं । पंत को अपना प्रभाव और छोड़ना होगा ।’’ लखनऊ सुपर जाइंट्स को एक अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स से पहला मैच खेलना है । डु प्लेसी ने कहा ,‘‘ पंत अपार प्रतिभा का धनी है । टेस्ट क्रिकेट में उसे बल्लेबाजी करते देखो तो लगता है कि उसके पास सारे शॉट्स हैं । उसके दिमाग में कई विकल्प चल रहे होते हैं । उसे लगता है कि वह मैदान के किसी भी हिस्से में हर गेंद पर छक्का लगा सकता है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘लेकिन टी20 बल्लेबाजी में आपको रणनीति बनानी होती है । महान टी20 बल्लेबाजों को देखो जो यह सोचते हैं कि कब चौके छक्के लगाने हैं और कहां उनकी कमजोरी है जिस पर वे काम करते हैं ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ पंत को खेलते देखो तो लगता है कि वह किसी भी समय आउट हो सकता है क्योंकि वह इतना जोखिम लेता है । उसे टेस्ट की ही तरह टी20 में भी एक रणनीति लेकर खेलना होगा । हर गेंद पर जोखिम लेने की जरूरत नहीं है । उसे निरंतरता पर काम करना होगा ।’’
Similar Post
-
पंत दिल्ली कैपिटल्स के मध्यक्रम में पूरी तरह से फिट होते हैं : गांगुली
नई दिल्ली, बुधवार, 07 अक्टूबर 2026। दिल्ली कैपिटल्स के नवनियुक् ...
-
बल्लेबाजी संघर्ष के बाद सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में वापसी का संकेत है अय्यर का शतक : गावस्कर
लखनऊ, बुधवार, 07 अक्टूबर 2026। महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का क ...
-
अय्यर टी20 रैंकिंग में करियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर, गिल वनडे सूची में शीर्ष पर बरकरार
दुबई, बुधवार, 07 अक्टूबर 2026। भारत के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ब ...
