राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर बसपा संस्थापक कांशीराम के लिए भारत रत्न की मांग की
नई दिल्ली, रविवार, 15 मार्च 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे उन लाखों लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान होगा, जो कांशीराम को सशक्तीकरण और आशा के प्रतीक के रूप में देखते हैं। राहुल ने मोदी को लिखे पत्र में कहा कि कांशीराम ने भारतीय राजनीति का स्वरूप बदल दिया और अपने आंदोलनों के माध्यम से बहुजनों व गरीबों में राजनीतिक जागरूकता उत्पन्न की।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पत्र में कहा, "आज (रविवार को) जब हम कांशीरामजी की जयंती मना रहे हैं और उनकी विरासत व योगदान पर विचार कर रहे हैं, तो मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया जाए।" उन्होंने कहा, "कांशीराम जी ने भारतीय राजनीति का स्वरूप बदल दिया। अपने आंदोलनों के माध्यम से उन्होंने बहुजनों और गरीबों में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाई। उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि उनका मत, उनकी आवाज और उनका प्रतिनिधित्व महत्वपूर्ण है और यह देश सभी का समान रूप से है।"
राहुल ने कहा कि कांशीराम के प्रयासों के कारण, कई ऐसे लोग जिन्होंने कभी सार्वजनिक जीवन में आने के बारे में सोचा भी नहीं था, उन्होंने राजनीति को न्याय और समानता प्राप्त करने के साधन के रूप में देखना शुरू कर दिया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "हमारा संविधान प्रत्येक भारतीय के लिए समानता, गरिमा और भागीदारी का वादा करता है। कांशीराम जी ने अपना जीवन समाज के सबसे निचले तबके के लोगों के लिए इन वादों को सार्थक बनाने के लिए समर्पित कर दिया। ऐसा करके उन्होंने भारतीय लोकतंत्र की नींव को मजबूत किया और हमारी राजनीतिक व्यवस्था को अधिक प्रतिनिधि और न्यायपूर्ण बनाया।"
उन्होंने कहा, "कई साल से दलित बुद्धिजीवी, नेता और कार्यकर्ता कांशीराम जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग करते आ रहे हैं। उनकी यह मांग निरंतर और गहरी भावना से भरी रही है। हाल ही में, मैंने लखनऊ में एक कार्यक्रम में भाग लिया, जहां उपस्थित नेताओं और प्रतिभागियों ने इस मांग को दृढ़ता से दोहराया, जो एक व्यापक भावना को दर्शाता है।" राहुल ने कहा कि कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करना देश के प्रति उनके अपार योगदान को मान्यता देगा। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, "यह उन लाखों लोगों की आकांक्षाओं का सम्मान करेगा, जो उन्हें सशक्तीकरण और आशा के प्रतीक के रूप में देखते हैं। मुझे उम्मीद है कि सरकार इस अनुरोध पर गंभीरता से विचार करेगी।"
Similar Post
-
मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘विकसित राजस्थान रन’ को दिखाई हरी झंडी
- राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य पर ‘विकसित राजस्थान रन-2026
-
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर बसपा संस्थापक कांशीराम के लिए भारत रत्न की मांग की
नई दिल्ली, रविवार, 15 मार्च 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने र ...
-
कांग्रेस ने कांशीराम को सामाजिक न्याय की विचारधारा का नायक बताया
नई दिल्ली, रविवार, 15 मार्च 2026। कांग्रेस ने बहुजन समाज पार्टी ( ...
