कांग्रेस ने जम्मू में प्रदर्शन किया, प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग की
जम्मू, सोमवार, 09 मार्च 2026। कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के खिलाफ सोमवार को पार्टी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अमेरिका के समक्ष आत्मसमर्पण करने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने जम्मू कश्मीर को जल्द से जल्द राज्य का दर्जा देने की भी मांग की। कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और नेता रेजिडेंसी रोड स्थित शहीदी चौक पर पार्टी मुख्यालय के बाहर एकत्र हुये, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में तैनात पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
पार्टी कार्यकर्ता "राज्य का दर्जा बहाल करो" और "हमारी रियासत हमारा हक" लिखे हुए पोस्टर लिए हुए थे और मोदी सरकार तथा प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लगाए। इस प्रदर्शन में बडी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी मौतूद थी। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कर्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने "भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नष्ट कर दिया है" और उन संस्थानों को कमजोर कर दिया है जो कभी देश की विदेश नीति को परिभाषित करते थे। उन्होंने आरोप लगाया, "भारत गुटनिरपेक्ष आंदोलन और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) जैसे क्षेत्रीय सहयोग मंचों का समर्थक रहा है, लेकिन आज देश की छवि धूमिल हो गई है। प्रधानमंत्री के आचरण ने पद की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचाई है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार वैश्विक शक्तियों के साथ अपने व्यवहार में भारत के हितों से समझौता कर रही है। उन्होंने कहा, "वह (अमेरिका) तो इस बात पर भी शर्तें थोप रहे हैं कि भारत को रूस से तेल खरीदना चाहिए या नहीं। हमारे व्यापार और ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े ऐसे फैसले दूसरे देशों द्वारा तय नहीं किए जा सकते।" कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर अंतरराष्ट्रीय मामलों में "पूरी तरह से आत्मसमर्पण" करने का आरोप लगाया और पार्टी की इस मांग को दोहराया कि मोदी इस्तीफा दें। विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने विरोध के प्रतीक के रूप में अमेरिका और इजराइल के झंडे भी जलाए।
Similar Post
-
राजस्थान आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा विश्वविद्यालय, अजमेर विधेयक, 2026 ध्वनिमत से पारित
- अजमेर में 38 साल बाद राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना
-
सरकार पश्चिम एशिया मामले पर चर्चा नहीं चाहती: राहुल
नई दिल्ली, सोमवार, 09 मार्च 2026। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राह ...
-
कांग्रेस ने जम्मू में प्रदर्शन किया, प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग की
जम्मू, सोमवार, 09 मार्च 2026। कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने भ ...
