कोशिश कर रहा हूं कि बल्लेबाज मेरी गेंद का अनुमान नहीं लगा पाएं: होल्डर
मुंबई, रविवार, 15 फरवरी 2026। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जैसन होल्डर ने कहा कि वह कोशिश कर रहे हैं कि बल्लेबाज उनकी गेंद का अनुमान नहीं लगा पाएं और इसके साथ ही वह अधिक यॉर्कर करने पर भी ध्यान दे रहे हैं जिससे उन्हें टी20 विश्व कप में सफलता मिल रही है। होल्डर ने इस टूर्नामेंट में तीन मैचों में सात विकेट लिए हैं। उन्होंने रविवार को यहां नेपाल के खिलाफ 27 रन देकर चार विकेट लिए जिससे वेस्टइंडीज ने यह मैच आसानी से नौ विकेट से जीता।
मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए होल्डर ने कहा, ''मैं अपने गेंदबाजी के कोण को बदलने की कोशिश करता हूं। मेरे लिए इसका मतलब है कि बल्लेबाज मेरी गेंद का बहुत अधिक अनुमान नहीं लगा पाएं। मैं क्रीज पर अपनी स्थिति भी बदलता रहता हूं और कुछ और यॉर्कर डालने की कोशिश करता हूं।'' उन्होंने कहा, ''इसलिए मेरे लिए यह थोड़ा और अबूझ पहेली बनने की कोशिश करना और फिर कभी-कभी यह समझना है कि मैं किसी विशेष खिलाड़ी के प्रति अपना दृष्टिकोण कब बदल सकता हूं।'' वेस्टइंडीज के कप्तान और नाबाद 61 रन बनाने व़ाले शाई होप इस जीत और सुपर आठ में प्रवेश से खुश हैं।
उन्होंने कहा, ''हमने एक कदम आगे बढ़ा दिया है। हमने एक बाधा पार कर ली है। मुझे खुशी है कि मुझे यह तय करने का मौका मिला कि हम क्या करना चाहते थे। हम रन प्रवाह को सीमित करना और लगातार विकेट लेना चाहते थे।'' होप ने कहा, ''जीत में योगदान देकर अच्छा लगता है। बात बस इतनी है कि हमें अपने मौजूदा प्रदर्शन को जारी रखना है। उम्मीद है हम इसे आगे भी जारी रखेंगे।'' नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने अपनी टीम की बल्लेबाजी इकाई की असफलता को स्वीकार किया। उसकी तरफ से केवल दीपेंद्र सिंह ऐरी ही अच्छा प्रदर्शन कर पाए जिन्होंने 58 रन बनाए।
पौडेल ने कहा, ''यह एक चुनौती थी। विशेषकर जिस तरह से अकील हुसैन, फोर्डे और होल्डर ने पावरप्ले में गेंदबाजी की। एक बल्लेबाजी इकाई के रूप में हमें बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। हम बल्लेबाजी में अच्छी साझेदारी नहीं निभा पा रहे हैं। हम खुलकर नहीं खेल पा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''उसने (ऐरी ने) समय लिया और बहुत अच्छा खेला। जब उसे मौका मिला तो उसने उसका पूरा फायदा उठाया। हमें उससे सीखना चाहिए। बाहरी बातों को नजरअंदाज करना बहुत जरूरी है। जब टीम हार रही हो तो सभी को सकारात्मक बनाए रखना बहुत जरूरी होता है।''
Similar Post
-
यूटीटी के सातवें सत्र में हिस्सा लेगी यूपी प्रोमेथियंस
मुंबई, मंगलवार, 31 मार्च 2026। चेन्नई लायंस की जगह यूपी प्रोमेथ ...
-
किसी और को अपनी सीमायें तय मत करने दो : शीतल देवी
नई दिल्ली, मंगलवार, 31 मार्च 2026। वर्ष 2025 की सर्वश्रेष्ठ पैरा ती ...
-
सूर्यवंशी ने अपने बेखौफ खेल से चार बेहतरीन गेंदबाजों पर दबाव बनाया : बांगड़
नई दिल्ली, मंगलवार, 31 मार्च 2026। भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच स ...
