रमेश ने पूर्व न्यायाधीश को लिखा नेहरू का माफीनामा साझा किया, व्यक्तित्व की सराहना की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए शुक्रवार को कहा कि 1959 में तत्कालीन प्रधानमंत्री ने अपनी एक टिप्पणी को लेकर उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश विवियन बोस को एक माफीनामा लिखा था। रमेश ने बोस को नेहरू द्वारा लिखे गए पत्र की प्रति 'एक्स' पर साझा की। उन्होंने कहा, "कार्यपालिका और न्यायपालिका के संबंधों पर बहुत कुछ कहा जाता है। यहां 26 जून, 1959 को तत्कालीन प्रधानमंत्री द्वारा न्यायमूर्ति विवियन बोस को लिखा गया एक असाधारण माफीनामा है। नेहरू सचमुच एक असाधारण संस्थान-निर्माता थे!" न्यायमूर्ति बोस को लिखे अपने पत्र में नेहरू ने कहा, "पिछले कई दिनों से मैं लगातार यात्रा पर रहा हूं। मेरा इरादा था कि मैं संवाददाता सम्मेलन में की गई कुछ टिप्पणियों के संबंध में आपको पहले ही लिखूं, लेकिन लगातार यात्राओं के कारण ऐसा नहीं कर सका।"
उन्होंने लिखा था, "कुछ दिन पहले जब मैं त्रिवेंद्रम में था, मुझे कलकत्ता बार लाइब्रेरी क्लब के मानद सचिव का एक पत्र मिला, जिसमें उन्होंने कलकत्ता बार की बैठक में पारित एक प्रस्ताव संलग्न किया था। इस प्रस्ताव में मेरे द्वारा आपके बारे में की गई कुछ टिप्पणियों पर आपत्ति जताई गई थी। जैसे ही मुझे यह पत्र मिला, मैंने कलकत्ता बार लाइब्रेरी क्लब के सचिव को उत्तर भेज दिया।" नेहरू ने पत्र में आगे कहा, "मैं व्यक्तिगत रूप से आपसे गहरा खेद व्यक्त करना चाहता हूं कि इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मैंने जो टिप्पणियां कीं, मुझे पूर्ण रूप से एहसास है कि वो टिप्पणियां अनुचित थीं और मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए था।"
Similar Post
-
रमेश ने पूर्व न्यायाधीश को लिखा नेहरू का माफीनामा साझा किया, व्यक्तित्व की सराहना की
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ...
-
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही 09 मार्च तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। संसद के बजट सत्र का पहला चरण ...
-
मेरे भाषण से संसदीय कामकाज पर टिप्पणी और प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना हटायी गयी: खरगे
नई दिल्ली, शुक्रवार, 13 फरवरी 2026। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ...
