दुर्घटना मामले में लापरवाही के संदेह में अधिकारियों को निलंबित किया गया: दिल्ली के मंत्री

img

नई दिल्ली, शनिवार, 07 फरवरी 2026। दिल्ली के शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने शनिवार को कहा कि सरकार ने पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक मोटरसाइकिल सवार की मौत के संबंध में लापरवाही के संदेह में अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सूद ने कहा कि शुक्रवार सुबह उनके दौरे के तुरंत बाद एक समिति का गठन किया गया था। सूद ने कहा, ''जल मंत्री के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई की गई और मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद लापरवाही के संदेह में सभी अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।''

मंत्री ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड और इसमें शामिल ठेकेदार दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, ''अगर जांच के दौरान जल बोर्ड का कोई भी अधिकारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी मामले दर्ज किए जाएंगे। ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और वर्तमान में जारी पुलिस कार्रवाई के तहत गिरफ्तारियां की जा रही हैं।'' पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार की पहचान कैलाशपुरी का निवासी और एक निजी बैंक के कॉल सेंटर में काम करने वाले कमल ध्यानी के रूप में हुई है। शुक्रवार को दुर्घटना के समय वह रोहिणी स्थित अपने कार्यालय से घर जा लौट रहा था।

मंत्री ने एक नौजवान की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, ''हमारी पीड़ा और दुख उस व्यक्ति को वापस नहीं ला सकता, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मुख्यमंत्री व्यक्तिगत रूप से पूरे मामले की निगरानी कर रही हैं।'' इलाके में यातायात बाधित होने का जिक्र करते हुए सूद ने कहा कि इस दुर्घटना के कारण विकासपुरी और आसपास के इलाकों को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क पर निर्माण कार्य में देरी होगी। उन्होंने कहा, ''निवासियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए हम दोनों दिशाओं में एक ही लेन वाली सड़क पर यातायात की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं।''

सड़क की मरम्मत में तेजी लाने के लिए दिल्ली पुलिस, नगर निगम, दिल्ली यातायात पुलिस, जल बोर्ड और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। सूद ने कहा कि जल बोर्ड ने 26 जनवरी को एक परिपत्र जारी कर सभी विभागों को सुरक्षा मानदंडों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा, ''शहरी विकास मंत्री के रूप में मैं नगर निगम और अन्य विभागों को भी पत्र लिख रहा हूं। इस घटना के बाद हम यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसी चूक या लापरवाही दोबारा न हो।'' पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दिल्ली जल बोर्ड द्वारा जारी निर्माण कार्य के तहत यह गड्ढा खोदा गया था और वहां अवरोधक लगाया गया था।
 

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement