जरूरत पड़ी तो टी20 विश्व कप में भारत दो स्पिनरों को खिलाएगा: सूर्यकुमार यादव

img

मुंबई, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो भारत टी20 विश्व कप में दो स्पिनरों को खिलाने से संकोच नहीं करेगा । उन्होंने साथ ही वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को लेकर चयन की उलझन को 'बहुत अच्छा सिरदर्द' बताया। कुलदीप और वरुण दोनों ने टी20 विश्व कप से पहले भारत की अंतिम श्रृंखला में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैच की टी20 सीरीज में हिस्सा लिया था। लेकिन दोनों को एक साथ केवल रायपुर में हुए दूसरे टी20 मैच में ही मौका मिला जिसमें भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की।

अमेरिका के खिलाफ टी20 विश्व कप के अपने पहले मुकाबले से पहले मीडिया से बात करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, ''यह एक अतिरिक्त फायदा है कि आपके पास इतने अच्छे गेंदबाज उपलब्ध हैं। लेकिन साथ ही आपको टीम संयोजन भी देखना होता है कि किस प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ किसे खिलाया जाए। '' भारतीय कप्तान ने कहा, ''अगर जरूरत होगी कि हम दो स्पिनर या दो कलाई के स्पिनर को खिला सकते हैं तो हम निश्चित रूप से ऐसा करेंगे। लेकिन वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव जैसे विकल्प होना हमेशा अच्छा होता है। ये दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में से हैं और यह एक बहुत अच्छा सिरदर्द है। ''

भारतीय टीम की बल्लेबाजी क्रम में गहराई रखने की पसंद अक्सर चक्रवर्ती और कुलदीप दोनों के एक साथ खेलने में रुकावट बनती है क्योंकि जरूरत पड़ने पर दोनों ज्यादा रन नहीं बना पाते हैं। सूर्यकुमार ने यह भी कहा कि टीम के पास दाएं हाथ के बल्लेबाजों की तुलना में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा होना भी एक अच्छी परेशानी है। ईशान किशन के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है तो सूर्यकुमार ने जवाब दिया, ''क्या आप चौके-छक्के लगते हुए देखना पसंद नहीं करते? ''

उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि यह एक अच्छी परेशानी है और इस पर जरूरत से ज्यादा बातचीत की जा रही है। इस स्तर पर जब आप बाएं हाथ के स्पिनरों या ऑफ स्पिनरों के खिलाफ काफी क्रिकेट खेल चुके हैं, आप इतना क्रिकेट खेल चुके हैं और इतना अभ्यास कर चुके हैं। '' उन्होंने कहा, ''किसी भी दिन, चाहे स्पिनर गेंदबाजी कर रहा हो या तेज गेंदबाज, और चाहे सामने दो बाएं हाथ के बल्लेबाज हों या दो दाएं हाथ के बल्लेबाज, आपका काम वही करना होता है जो टीम के लिए सबसे बेहतर हो और ऐसा ही हो रहा है। ''

सूर्यकुमार ने माना कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए ईशान ही पारी की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा, ''निश्चित तौर पर, उन्होंने जिस तरह से पिछले पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय में क्रिकेट खेला है और ये अंतरराष्ट्रीय मैच थे तो उनका प्रदर्शन इतना ज्यादा नोटिस किया गया। '' उन्होंने कहा, ''उसने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में भी इसी तरह से बल्लेबाजी की थी और इसे यहां भी जारी रखा है। उसे तीसरे नंबर पर मौका मिला और फिर उसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में पारी का आगाज किया। ''

सूर्यकुमार ने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि वह बल्लेबाजी क्रम में जिस भी स्थान पर खेले, इसी तरह से बल्लेबाजी करता रहे। वह तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी नहीं करेगा। लेकिन जो भी मौका मिले, उसे इसी तरह से बल्लेबाजी करनी चाहिए। '' सूर्यकुमार ने माना कि घरेलू मैदान पर खेलते समय अतिरिक्त दबाव होगा, लेकिन वह इसका सकारात्मक पहलू ही देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ''जब आप घर पर खेलते हैं, तो हमेशा अतिरिक्त दबाव होता है। घबराहट होगी और दबाव भी होगा। लेकिन अगर आप इसका सकारात्मक पहलू देखें, तो दर्शक बहुत ज्यादा चीयर करेंगे। '' उन्होंने कहा, ''इसमें कोई शक नहीं कि हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं। लेकिन आपको वर्तमान में रहना होगा। ''

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement