ईडी ने ट्रांस-अरुणाचल राजमार्ग मुआवजा 'घोटाला' मामले में छापेमारी की, 2.2 करोड़ रुपये जब्त
नई दिल्ली/ईटानगर, शुक्रवार, 06 फरवरी 2026। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश में कई स्थानों पर छापे मारे और कथित ट्रांस-अरुणाचल राजमार्ग मुआवजा घोटाले से जुड़ी धन शोधन की जांच के तहत लगभग 2.2 करोड़ रुपये नकद जब्त किए। अधिकारियों ने बताया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ईटानगर में छह परिसरों और लिकाबली (लोअर सियांग जिला) और आलो (पश्चिम सियांग जिला) में एक-एक परिसर पर छापेमारी की गई। इनमें जिला भूमि राजस्व एवं निपटान विभाग (डीएलआरएसओ) के उपायुक्त, मूल्यांकन अधिकारियों के कार्यालयों के अलावा निजी लाभार्थी और बिचौलियों के परिसर भी शामिल हैं। ट्रांस-अरुणाचल राजमार्ग मुआवजा घोटाला मामला भूमि अधिग्रहण मुआवजे के आकलन, प्रमाणीकरण और वितरण में ''बड़े पैमाने पर'' अनियमितताओं से संबंधित है, जिसमें लोक सेवक और निजी लाभार्थी शामिल हैं। यह परियोजना याचुली, जीरो और रागा सेक्टरों में फैली 157.70 किलोमीटर की दूरी की है।
जांच में पता चला कि जीरो के उपायुक्त ने शुरू में पोटिन-बोपी खंड के लिए 289.40 करोड़ रुपये के मुआवजे का अनुमान तैयार किया था। ईडी अधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तरीय बैठक में मुआवजे के पैकेज को रोक दिया गया और इसे 198.56 करोड़ रुपये तक सीमित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मुआवजे की राशि के वितरण के दौरान धनराशि को बचत खातों में ''भेज'' दिया गया और कई चेक ''फर्जी'' लाभार्थियों को जारी किए गए, जिसके परिणामस्वरूप सरकारी खजाने को 44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। अधिकारियों ने बताया कि एक ''फर्जी'' लाभार्थी से संबंधित परिसर से 2.2 करोड़ रुपये की नकद राशि बरामद की गई है।
Similar Post
-
दिल्ली पुलिस ने सात अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी गिरोहों का भंडाफोड़ किया, 14 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, शनिवार, 06 जून 2026। दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में म ...
-
केरल में भारी बारिश से जलभराव, पांच जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी
तिरुवनंतपुरम, शनिवार, 06 जून 2026। केरल के विभिन्न हिस्सों में ...
-
केरल के वायनाड में लगभग 150 छात्र बीमार, 38 अस्पताल में भर्ती
वायनाड (केरल), शनिवार, 06 जून 2026। उत्तरी केरल के वायनाड जिले के ...
