दिल्ली में लोग शनिवार से ‘हॉट एयर बैलून’ का लुत्फ उठा सकेंगे: डीडीए
नई दिल्ली, बुधवार, 26 नवंबर 2025। दिल्लीवासियों को ‘हॉट एयर बैलून’ की सवारी का अनुभव इस सप्ताहांत से मिल सकता है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने बांसेरा में मंगलवार को इसका प्रायोगिक परीक्षण शुरू कर दिया। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पत्रकारों को बताया कि यह सुविधा शनिवार से आम जनता को मिलने लगेगी और इसका टिकट प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये (कर अलग से) होगा। सक्सेना ने कहा, ‘पहले मैंने दिल्ली के लोगों से वादा किया था कि हम मनोरंजन के लिए नयी-नयी चीजें लाते रहेंगे। हाल में कई उद्यान और मनोरंजक स्थल विकसित किए गए हैं। इसी कड़ी में ‘हॉट एयर बैलून’ जुड़ा, जिसका प्रायोगिक परीक्षण आज शुरू किया गया।’ जुलाई में डीडीए ने चार स्थानों पर ‘हॉट एयर बैलून’ की सवारी संचालित करने के लिए एक निजी एजेंसी का चयन किया था। इन चार स्थानों में यमुना खेल परिसर, राष्ट्रमंडल खेल परिसर और यमुना तट पर दो अन्य स्थान असिता और सराय काले खां क्षेत्र के पास बांसेरा शामिल हैं।
डीडीए के एक बयान के अनुसार प्रतिदिन चार घंटे के लिए इस सुविधा की अनुमति होगी। हालांकि, इसे आवश्यकतानुसार बढ़ाया जा सकता है। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक ‘हॉट एयर बैलून’ सवारी की चार लोगों की क्षमता होगी, वहीं इसकी एक ट्रिप सात से 12 मिनट तक संचालित होगी। सक्सेना ने कहा, “मैंने इस सवारी का परीक्षण किया और मैं खुश एवं संतुष्ट हूं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से, गुब्बारे से चार रस्सियां बंधी हैं जिनमें से प्रत्येक रस्सी की क्षमता सात टन है। आज हम जमीन से 120 फुट की ऊंचाई तक गए।” यह सुविधा अन्य तीन स्थानों पर शुरू होने से दिल्ली की पर्यटन क्षमता में काफी वृद्धि होगी।
Similar Post
-
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चार लोगों ने 'कलेक्शन एजेंट' से नकदी लूटी
नई दिल्ली, रविवार, 08 मार्च 2026। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी ख ...
-
असम में 3.25 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन जब्त, पांच गिरफ्तार
गुवाहाटी, रविवार, 08 मार्च 2026। असम के कछार जिले में शनिवार को प ...
-
असम में पिछले 10 वर्षों में एक लाख से ज्यादा पेड़ काटे गए : आधिकारिक आंकड़े
गुवाहाटी, रविवार, 08 मार्च 2026। असम में मई 2016 में भारतीय जनता पा ...
