मुंबई में सोने की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 11 लोग गिरफ्तार
मुंबई, बुधवार, 12 नवंबर 2025। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ कर उसके सरगना समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। डीआरआई के एक अधिकारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि भारत में सोने की तस्करी करने और इसे 'ग्रे मार्केट' (अवैध कारोबार से जुड़ा बाजार) में बेचने की एक सुनियोजित साजिश थी, जिसमें आयात नियमों का उल्लंघन किया गया और सरकारी राजस्व की चोरी की गई। तस्करों के पास से 15 करोड़ रुपये का सोना बरामद भी किया गया है।
डीआरआई की मुंबई जोनल इकाई को मुंबई में सोने की तस्करी और इस धातु को पिघलाने वाले गिरोह के संचालन के बारे में खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर, डीआरआई की टीमों ने सोमवार को शहर में चार स्थानों पर एक साथ तलाशी ली, जिसमें सोने को पिघलने वाली दो अवैध इकाइयों और दो अपंजीकृत दुकानों का पता चला। अधिकारी ने बताया कि उन्हें एक पूरी तरह सक्रिय इकाई मिली, जहां तस्करी किए गए सोने को पिघलाकर अन्य रूपों जैसे बार में परिवर्तित किया जा रहा था।
सोना पिघलाने वाली इकाइयों से कुल 6.35 किलोग्राम सोना जब्त किया गया तथा भट्टियों का संचालन करने वालों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सरगना से जुड़ी दो दुकानों पर की गई तलाशी में 5.53 किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद की गईं। उन्होंने बताया कि डीआरआई ने कुल मिलाकर 15.05 करोड़ रुपये मूल्य का 11.88 किलोग्राम 24 कैरेट सोना और 13.17 लाख रुपये मूल्य की 8.72 किलोग्राम चांदी जब्त की। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Similar Post
-
तमिलनाडु सरकार ने डीवीएसी निदेशक को प्रभारी डीजीपी नियुक्त किया
चेन्नई, गुरुवार, 11 दिसंबर 2025। तमिलनाडु सरकार ने सतर्कता एवं ...
-
सोनोवाल ने भारत के पहले स्वदेशी हाइड्रोजन ‘फ्यूल सेल’ पोत के वाणिज्यिक संचालन की शुरुआत की
वाराणसी (उप्र), गुरुवार, 11 दिसंबर 2025। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजर ...
-
ओडिशा में 4,000 किलोग्राम विस्फोट की लूट के मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर
भुवनेश्वर, गुरुवार, 11 दिसंबर 2025। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (ए ...
