सबरीमला में द्वारपालक की मूर्ति की स्वर्ण परत के कम वजन की जांच के लिए एसआईटी का गठन
कोच्चि, सोमवार, 06 अक्टूबर 2025। केरल उच्च न्यायालय ने सोमवार को सबरीमला में द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्तियों पर सोने की परत चढ़ी तांबे की प्लेट के कम वजन से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी. और न्यायमूर्ति के. वी. जयकुमार की पीठ ने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) सतर्कता दल द्वारा मामले की प्रारंभिक जांच पर एक अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद एसआईटी के गठन का आदेश दिया।
इससे पहले द्वारपालकों की प्रतिमाओं को ‘इलेक्ट्रोप्लेटिंग’ के लिए चेन्नई स्थित एक कंपनी को भेजा गया था जिसके बाद अदालत ने टीडीबी सतर्कता दल को उनके कम वजन की जांच का निर्देश दिया था। बेंगलुरु के व्यवसायी उन्नीकृष्णन पोट्टी ने द्वारपालक की मूर्तियों पर सोने की परत चढ़ाने का खर्च उठाया था और उन्हें 2019 में चेन्नई ले गए थे। एसआईटी का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक एस. शशिधरन करेंगे और इसके कामकाज की निगरानी अपराध शाखा प्रमुख, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एच वेंकटेश करेंगे। इस टीम में साइबर पुलिस के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ने केरल उच्च न्यायालय को एसआईटी में शामिल होने वाले अधिकारियों के नाम सुझाए थे।
शशिधरन को 2022 के एलंथूर मानव बलि मामले सहित जटिल आपराधिक मामलों की जांच में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण चुना गया है। उच्च न्यायालय ने आदेश दिया कि जांच गोपनीय रखी जाए और रिपोर्ट सीधे उसे सौंपी जाए। पिछले हफ्ते अदालत ने सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति के. टी. शंकरन की निगरानी में सबरीमला मंदिर में सोने सहित सभी कीमती वस्तुओं की एक व्यापक सूची तैयार करने का आदेश दिया था। जांच के तहत टीडीबी सतर्कता विभाग ने पोट्टी से दो दिनों तक पूछताछ की, जिसके बाद रिपोर्ट अदालत में दाखिल की गई। इस बीच, देवस्वओम मंत्री वी.एन. वासवन ने घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन के केरल उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत किया।
Similar Post
-
बेंगलुरु में ग्रेनाइट खदान से विस्फोटक बरामद, पांच लोगों पर मामला दर्ज
बेंगलुरु, बुधवार, 10 जून 2026। शहर में एक ग्रेनाइट खदान से बिना अ ...
-
जम्मू-कश्मीर: सांबा में 50 लाख रुपये से अधिक की हेरोइन के साथ दो मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
जम्मू, बुधवार, 10 जून 2026। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में पुलिस ...
-
पुलवामा में मादक पदार्थ तस्कर की 1.20 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क
श्रीनगर, बुधवार, 10 जून 2026। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में प ...
