मणिपुर में दो उग्रवादी, एक हथियार डीलर गिरफ्तार
इंफाल, गुरुवार, 25 सितंबर 2025। मणिपुर के इंफाल पश्चिम और बिष्णुपुर जिलों में सुरक्षा बलों ने विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों के दो उग्रवादियों और एक हथियार डीलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिबंधित प्रीपैक के एक सक्रिय सदस्य को बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के पाओना बाजार से पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि उग्रवादी पर काकचिंग इलाके में एक व्यक्ति से 5,000 रुपये की वसूली करने का आरोप है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सदस्य को बिष्णुपुर जिले के ट्रोंग्लाओबी इलाके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और उसकी रिहाई की मांग करते हुए ट्रोंगलाओबा इलाके में एक सड़क अवरुद्ध कर दी।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बलों ने बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के मोइरांगखोम ओल्ड थंबुथोंग मखोंग इलाके से 48 वर्षीय एक हथियार डीलर को भी पकड़ा। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि उसके कब्जे से गोलियों के साथ एक 9 एमएम की पिस्तौल बरामद की गई है। एक अलग अभियान में, सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के काइबुंग इलाके से कई विस्फोटक बरामद किए। मणिपुर में दो साल पहले भड़की जातीय हिंसा के बाद से सुरक्षा बल तलाशी अभियान चला रहे हैं। मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था।
Similar Post
-
देवजी, समर्पण कर चुके अन्य नक्सली केंद्र से भाकपा (माओवादी) पर लगा प्रतिबंध हटाने का आग्रह करेंगे
हैदराबाद, रविवार, 16 अगस्त 2026। आत्मसमर्पण कर चुके भाकपा (माओव ...
-
पुणे अदालत ने ‘मादक पदार्थ सरगना’ वीरेंद्र सिंह बसोया को 21 अगस्त तक एनसीबी की हिरासत में भेजा
पुणे, रविवार, 16 अगस्त 2026। पुणे की एक अदालत ने रविवार को कथित म ...
-
मप्र : ईंधन खत्म होने से चंबल नदी में फंसा स्टीमर, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
मुरैना, रविवार, 16 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश के भिंड जिले में रविव ...
