ऑस्ट्रेलिया के मुख्य न्यायाधीश ने उच्चतम न्यायालय का दौरा किया, सीजेआई के साथ मंच साझा किया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 19 सितंबर 2025। ऑस्ट्रेलिया के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति स्टीफन गैगेलर एसी ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय का दौरा किया, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्होंने प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बी. आर. गवई के साथ मंच साझा किया। न्यायमूर्ति गैगेलर ‘दिल्ली मध्यस्थता सप्ताहांत’ में भाग लेने के लिए भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
प्रधान न्यायाधीश ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष का स्वागत किया और न्यायालय कक्ष में वकीलों और वादियों से उनका परिचय कराया, जहां वह न्यायमूर्ति विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति एन. वी. अंजारिया के साथ सुनवाई कर रहे थे। मेहमान न्यायाधीश ने एक घंटे से अधिक समय तक न्यायालय की कार्यवाही का अवलोकन किया। वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने 2015 में अटॉर्नी जनरल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान ऑस्ट्रेलिया की अपनी यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं 2015 में अटॉर्नी जनरल था, तब हमने भारत-ऑस्ट्रेलियाई कानूनी मंच के तहत ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था और हमने उच्च न्यायालय का भी दौरा किया था।’’
अदालत कक्ष में मौजूद सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने न्यायमूर्ति गैगेलर के बार और बेंच में विशिष्ट कार्यकाल का उल्लेख किया। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य न्यायाधीश का स्वागत करते हुए, मेहता ने कहा, ‘‘यह यात्रा बहुत छोटी है... अधिक समय तक रहने से शायद हम देश के कोने-कोने में आपकी मेजबानी कर पाएंगे। यह विविध व्यंजनों और संस्कृतियों वाला एक खूबसूरत देश है।’’ न्यायमूर्ति गवई ने बताया कि न्यायमूर्ति गैगेलर पहले ही दिल्ली के प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड का स्वाद चख चुके हैं। प्रधान न्यायाधीश ने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘कल उन्होंने दिल्ली की चाट का भी लुफ्त उठाया।’’ गैगेलर को अक्टूबर 2012 में उच्च न्यायालय में नियुक्त किया गया था और नवंबर 2023 में वह मुख्य न्यायाधीश बने। अपनी नियुक्ति के समय वह ऑस्ट्रेलिया के सॉलिसिटर-जनरल के रूप में कार्यरत थे।
Similar Post
-
तेलंगाना में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई संक्रांति
हैदराबाद, गुरुवार, 15 जनवरी 2026। तेलंगाना में बृहस्पतिवार को फ ...
-
प. बंगाल के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी, न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि की संभावना
कोलकाता, गुरुवार, 15 जनवरी 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमड ...
-
ओडिशा के सोनपुर में एथेनॉल फैक्टरी का एक हिस्सा जलकर खाक
भुवनेश्वर, गुरुवार, 15 जनवरी 2026। ओडिशा के सोनपुर जिले में स्थ ...
