सूद ने स्कूल मालिकों को फीस बढ़ाने की छूट देने का भरोसा दिया: आतिशी
नई दिल्ली, बुधवार, 09 अप्रैल 2025। दिल्ली विधानसभा में नेता विपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद की निजी स्कूलों के मालिकों के साथ मुलाकात का दावा करते हुए आरोप लगाया है कि उन्होंने स्कूल मालिकों को फीस बढ़ाने की छूट देने का भरोसा दिया है। सुश्री आतिशी ने बुधवार को कहा कि छह अप्रैल को शिक्षा मंत्री के घर पर हुई इस बैठक में स्कूल मालिकों को भरोसा दिया गया कि उन्हें हर साल 10 प्रतिशत फीस बढ़ाने का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि छह अप्रैल रविवार को दोपहर एक बजे श्री आशीष सूद के निवास पर उनकी निजी स्कूल के मालिकों के साथ बैठक हुई है। इसमें निजी स्कूल के मालिकों को आश्वासन दिया गया है कि उनके खिलाफ कोई भी कड़ी कार्रवाई नहीं होगी।
उनको बोला गया कि अभी माता-पिता के प्रदर्शन और आम आदमी पार्टी की ओर से मुद्दा उठाए जाने की वजह से मुद्दा गरम है, जैसे ही ठंडा होगा एक आदेश दिल्ली सरकार की ओर से निकाला जाएगा जिसमें दिल्ली के हर निजी स्कूल को हर साल 10 प्रतिशत फीस बढ़ाने की छूट दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के इतिहास में कभी भी ऐसी छूट निजी स्कूलों को नहीं दी गई। 10 साल से आम आदमी पार्टी इन निजी स्कूलों के खिलाफ लड़ रही थी। उनकी फीस नियंत्रित करके रखी थी। इनसे कोर्ट में लड़ रही थी और ऑडिट करवा रही थी। अब आश्वासन दिया जा रहा है कि जैसे ही मामला ठंडा होगा, निजी स्कूलों को खुली छूट दी जाएगी। आप नेता ने आरोप लगाते हुए कहा कि इससे साफ़ हो जाता है कि भाजपा की निजी स्कूलों के साथ साठगांठ है। उन्होंने कहा कि श्री सूद को बताना चाहिए कि उन्होंने इन निजी स्कूलों से कितने पैसे लिए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को यह भी बताना चाहिए कि क्या उनके आवास पर स्कूल मालिकों के साथ बैठक हुई थी।
Similar Post
-
नारायणन ने इसरो के निजीकरण को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज किया
बेंगलुरु, सोमवार, 07 सितंबर 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संग ...
-
सीतारमण ने आईएमएफ के उप प्रबंध निदेशक से मुलाकात की, वैश्विक आर्थिक परिदृश्य पर चर्चा
नई दिल्ली, सोमवार, 07 सितंबर 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ...
-
बिहार की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर 5,000 करोड़ रुपये की सहायता दे केंद्र : तेजस्वी
पटना, सोमवार, 07 सितंबर 2026। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ...
