कन्नौज में सड़क हादसा, कार सवार पांच चिकित्सकों की मौत
कन्नौज, बुधवार, 27 नवंबर 2024। उत्तर प्रदेश में कन्नौज के तिरवा क्षेत्र में लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे पर बुधवार भोर ट्रक की चपेट में आने से कार सवार पांच चिकित्सकों की मृत्यु हो गयी जबकि एक अन्य की हालत नाजुक बनी हुयी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर तिरवा में बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्कार्पियो डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरी लेन में आ गई जहां ट्रक ने स्कार्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो कई मीटर तक घिसटती चली गई। स्कार्पियो में सैफई मेडिकल कालेज के पांच चिकित्सक समेत छह लोग सवार थे जिनमें पांच की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक की हालत गंभीर है। मरने वाले सभी डॉक्टर सैफई मेडिकल कॉलेज से पीजी कर रहे थे।
उन्होने बताया कि मंगलवार को एक शादी में शामिल होकर सभी चिकित्सक लखनऊ से लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आने और ओवर स्पीड की वजह से हादसा हुआ है। स्कार्पियो ने पहले डिवाइडर को तोड़ा फिर कई पलटी खाते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई। उस लेन में आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने स्कार्पियों को चपेट में ले लिया। सुबह 3:43 बजे कंट्रोल रूम के नंबर पर हादसे की सूचना मिली। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो बुरी तरह पिचक गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से गाड़ी को काटकर सभी शवों और घायल को बाहर निकाला। एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज यूनिवर्सिटी का स्टाफ मौके पर पहुंच गया। सभी को जिला हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां पांच डॉक्टरों को मृत घोषित कर दिया। एक गंभीर घायल को भर्ती किया गया है। मृतकों की पहचान अनिरुद्ध वर्मा (29) निवासी ए 5 राधा विहार एक्सटेंशन कमला नगर आगरा, संतोष कुमार मोर्य निवासी राजपुरा भाग 3 भदोही संत रविदास नगर, अरुण कुमार निवासी तेरा मल मोतीपुर कन्नौज,नरदेव पुत्र राम लखन गंगवार निवासी नवाबगंज, बरेली के तौर पर की गयी है। एक अन्य की शिनाख्त के प्रयास किये जा रहे हैं।
Similar Post
-
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नोएडा, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारती ...
-
आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव
जम्मू, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशास ...
-
उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने बदरीनाथ और केदारनाथ में पूजा-अर्चना की
गोपेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज् ...
