जम्मू-कश्मीर चुनाव: उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल से नामांकन पत्र दाखिल किया
गांदरबल (जम्मू-कश्मीर), बुधवार, 04 सितम्बर 2024। नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को गांदरबल विधानसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। अब्दुल्ला ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और अपने बेटों के साथ यहां मिनी सचिवालय में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। वह अपने समर्थकों के साथ सचिवालय पहुंचे थे। अब्दुल्ला ने 2009 से 2014 तक इस सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 2014 का विधानसभा चुनाव मध्य कश्मीर के बडगाम जिले की बीरवाह विधानसभा सीट से लड़ा था और जीत हासिल की थी। अब्दुल्ला ने श्रीनगर की सोनवार सीट से भी चुनाव लड़ा था, लेकिन वहां उन्हें पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के तत्कालीन नेता मोहम्मद अशरफ मीर ने हरा दिया था। गांदरबल नेकां और अब्दुल्ला परिवार का गढ़ रहा है। नेकां के संस्थापक शेख मोहम्मद अब्दुल्ला और वर्तमान अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला कई बार इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उमर अब्दुल्ला ने उत्तर कश्मीर की बारामुला सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन शेख अब्दुल रशीद उर्फ इंजीनियर रशीद से हार गए थे। रशीद आतंकवाद को वित्त पोषण के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद हैं। जम्मू-कश्मीर की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 18, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होगा।
Similar Post
-
शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा की चौखट पर सिर झुकाकर लोकतांत्रिक संस्था के प्रति सम्मान प्रकट किया
बेंगलुरु, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. ...
-
आय से अधिक संपत्ति मामला: उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय पहुंचे राहुल गांधी
नई दिल्ली, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ...
-
मुंबई में भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या आठ हुई, बचाव अभियान बंद किया गया
मुंबई, गुरुवार, 13 अगस्त 2026। मुंबई के साकीनाका में हुए भूस्खल ...
