केरल में भारी बारिश के बीच आठ जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 17 जुलाई 2024। केरल में भारी बारिश के दौर के बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को राज्य के आठ जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ तथा छह जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। भारी बारिश के कारण भूस्खलन, संपत्ति की क्षति, सड़कों पर जलभराव और कई एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। इसके साथ ही केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने दक्षिणी राज्य में विभिन्न नदियों के जलस्तर में खतरनाक वृद्धि को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में आज के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। इसने राज्य के शेष छह जिलों में आज के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है। ‘ऑरेंज अलर्ट’ का मतलब 24 घंटे में 11 से 20 सेंटीमीटर बारिश और येलो अलर्ट का मतलब 24 घंटे में छह से 11 सेंटीमीटर बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग देश में मौसम संबंधी अलर्ट जारी करने के लिए चार रंगों का उपयोग करता है। ये अलर्ट हैं… ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (कार्रवाई के लिए तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत है)। सीडब्ल्यूसी ने राज्य के पथनमथिट्टा में अचनकोविल और इडुक्की जिले में थोडुपुझा सहित विभिन्न नदियों के जलस्तर में खतरनाक वृद्धि के संबंध में चेतावनी जारी की है। इसने नदियों के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि एर्नाकुलम में भूस्खलन के कारण एक घर क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ और वहां रहने वाले परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। कोट्टायम जिला प्रशासन ने बताया कि मंगलवार को रात भर लगातार बारिश होने के कारण जरूरतमंद 45 लोगों को शिविरों में ले जाया गया। इस बीच, केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के प्रमुख के सुधाकरन ने पार्टी कार्यकर्ताओं और सदस्यों से राहत कार्य में सहायता करने का आह्वान किया। उन्होंने युवा कांग्रेस, केरल छात्र संघ से भी आगे आकर राहत कार्य में मदद करने का आग्रह किया। पार्टी द्वारा जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि जहां भी मदद की जरूरत है, वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मजबूत उपस्थिति होनी चाहिए।
Similar Post
-
केरल: कांग्रेस के कुछ नेताओं को अंतिम मिनट में उम्मीदवार बनाए जाने की आस
कोच्चि, गुरुवार, 19 मार्च 2026। केरल में कांग्रेस के जिन नेताओं ...
-
कविता की पार्टी के पंजीकरण आवेदन पर विचार करें: अदालत का चुनाव आयोग को निर्देश
नई दिल्ली, गुरुवार, 19 मार्च 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने बृहस ...
-
ठाणे में फर्नीचर के तीन-चार गोदाम जलकर खाक
ठाणे, गुरुवार, 19 मार्च 2026। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बृहस् ...
