सी आर पाटिल ने जल शक्ति मंत्री का कार्यभार संभाला
नई दिल्ली, मंगलवार, 11 जून 2024। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गुजरात इकाई के प्रमुख चंद्रकांत रघुनाथ पाटिल ने मंगलवार को यहां पार्टी समर्थकों के ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के बीच जल शक्ति मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। मंत्रालय का कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि देश के जल संसाधनों का संरक्षण और संवर्द्धन एक ‘पवित्र लक्ष्य’ है।
पाटिल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”जल शक्ति मंत्रालय का दायित्व मुझे सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त करते हुए मुझे बहुत गर्व और प्रेरणा का अनुभव हो रहा है। मैं इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।” उन्होंने कहा, ”हमारे देश के जल संसाधनों का संरक्षण और संवर्द्धन एक पवित्र लक्ष्य है। मैं इसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन और निष्ठा से काम करूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम पानी के महत्व को समझेंगे, इसका संरक्षण करेंगे और भावी पीढ़ियों के लिए समृद्ध जल संसाधन सुनिश्चित करेंगे। पाटिल के लिए सबसे बड़ा काम ‘जल जीवन मिशन’ को पूरा करना है। इस मिशन का लक्ष्य इस साल के अंत तक देश के हर गांव में, घर में नल के जरिये पानी पहुंचाना है।
पाटिल ने 1989 में भाजपा में शामिल होकर अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने शुरु में पार्टी की सूरत शहर इकाई के कोषाध्यक्ष और बाद में उपाध्यक्ष के रूप में काम किया। उनके संगठनात्मक कौशल को देखते हुए 1998 में तत्कालीन मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल ने उन्हें गुजरात औद्योगिक विकास निगम (जीआईडीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया। लोकसभा चुनाव 2009 में पाटिल ने नवसारी निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की और तब से इस सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। लोकसभा चुनाव 2024 में पाटिल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 7.73 लाख मतों के अंतर से हराया।
Similar Post
-
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मायापुर में इस्कॉन मुख्यालय पहुंचे, ‘गौ पूजा’ की
कोलकाता, गुरुवार, 28 मई 2026। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभें ...
-
भारत-चीन के बीच एलएसी पर ‘रचनात्मक’ वार्ता, रिश्तों की बहाली के लिए सीमा पर शांति को लेकर सहमति
नई दिल्ली, गुरुवार, 28 मई 2026। भारत और चीन ने पूर्वी लद्दाख में ...
-
पश्चिम बंगाल ने सीमा सुरक्षा अवसंरचना के लिए बीएसएफ को 142.79 एकड़ जमीन सौंपी
कोलकाता, गुरुवार, 28 मई 2026। पश्चिम बंगाल सरकार ने अंतरराष्ट्र ...
