संरा ने भारतीय शांतिदूत मेजर राधिका सेन को पुरस्कार से नवाजा
नई दिल्ली, शुक्रवार, 31 मई 2024। संयुक्त राष्ट्र (संरा) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारतीय शांतिदूत मेजर राधिका सेन को ''संयुक्त राष्ट्र मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर'' पुरस्कार से सम्मानित किया। गुटेरेस ने मेजर राधिका सेन की प्रशंसा करते हुए उन्हें ''एक सच्ची नेता और आदर्श व्यक्तित्व'' करार दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि मेजर सेन का सम्मान भारत के लिए गर्व का क्षण है और भारतीय शांति सैनिकों ने अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता तथा साहस के माध्यम से वैश्विक शांति एवं सुरक्षा में योगदान देना जारी रखा हुआ है।
उन्होंने कहा, ''भारतीय महिलाएं सभी मोर्चों पर अग्रणी हैं - भारत के लिए गर्व का क्षण है। संरा महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारतीय शांतिरक्षक मेजर राधिका सेन को ''यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर'' पुरस्कार से सम्मानित किया। जायसवाल ने एक्स पर किये अपने पोस्ट में कहा, ''हमारे शांतिरक्षकों ने अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता और साहस के माध्यम से वैश्विक शांति तथा सुरक्षा में योगदान देना जारी रखा हुआ है। गुटेरेस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा,''भारत की मेजर राधिका सेन को हमारे ''यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर'' के लिए बधाई। मेजर सेन एक सच्ची नेता और आदर्श व्यक्तित्व हैं।
गुटेरेस ने कहा, ''एमओएनयूएससीओ (मोनुस्को) के साथ उनकी उपलब्धियां विशेषकर शांति और सुरक्षा के लिए महिलाओं की आवश्यक भूमिका को रेखांकित करती हैं। संयुक्त राष्ट्र ने संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाए गए कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को मेजर सेन को यह पुरस्कार प्रदान किया। इसी दिन भारतीय शांतिरक्षक नायक धनंजय कुमार सिंह को मरणोपरांत ''डैग हैमरस्कजॉल्ड मेडल'' से सम्मानित किया गया।
भारत संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में सैनिकों का दूसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता है। इसने वर्तमान में अबेई, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, साइप्रस, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, लेबनान, मध्य पूर्व, सोमालिया, दक्षिण सूडान और पश्चिमी सहारा में संयुक्त राष्ट्र के अभियानों में 6,000 से अधिक सैन्य तथा पुलिसकर्मियों को तैनात कर रखा है। गौरतलब है कि नायक धनंजय कुमार सिंह ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में संयुक्त राष्ट्र स्थिरीकरण मिशन (मोनुस्को) के साथ काम किया। मेजर राधिका सेन ने भी मोनुस्को के साथ काम किया।
Similar Post
-
मेरठ में दो उपनिरीक्षक पर व्यापारी का अपहरण और वसूली का आरोप, 15 लाख रुपये बरामद
मेरठ (उप्र), मंगलवार, 10 फरवरी 2026। मेरठ में लोहिया नगर थाने में ...
-
यदि भाषा विरोध बीमारी है तो अधिकांश राज्य इससे ग्रस्त हैं: राज ठाकरे ने भागवत पर साधा निशाना
मुंबई, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनए ...
-
प्रतिस्पर्धा के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर आधारित है भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम: इसरो प्रमुख
बेंगलुरु, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संग ...
