मध्यप्रदेश : रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट पर कांग्रेस व भाजपा के बीच कड़ा संघर्ष
झाबुआ, बुधवार, 08 मई 2024। मध्यप्रदेश के रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट पर इस बार हो रहे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलने वाला है। कांग्रेस ने यहां से जहां पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री, पांच बार के सांसद कांतिलाल भूरिया को मैदान में उतारा है तो दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान की पत्नी अनिता नागर सिंह चैहान पर दांव खेल कर इस मुकाबले को कड़ा बना दिया है। इन दोनों समेत यहां से कुल 12 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। यहां 13 मई को मतदान होना है।
भूरिया 2014 में भाजपा के दिलीप सिंह भूरिया से चुनाव हार गए थे, लेकिन कुछ समय बाद दिलीप सिंह भूरिया के निधन से हुए उपचुनाव में कांतिलाल भूरिया दोबारा सांसद का चुनाव जीत गये। साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कांतिलाल भूरिया को टिकट दिया और वे विधायक चुन लिये गये। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां से भाजपा के गुमान सिंह डामोर ने कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया पर जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार भाजपा ने यहां से श्री डामोर का टिकट काट कर श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान को टिकट दे दिया।
गुजरात से सटी आदिवासीबहुल रतलाम-झाबुआ संसदीय सीट में आठ विधानसभा आती हैं। इनमें रतलाम जिले की रतलाम, रतलाम ग्रामीण और सैलाना विधानसभा, झाबुआ जिले की झाबुआ, थांदला और पेटलावद तथा अलीराजपुर की दो अलीराजपुर और जोबट शामिल हैं। इन आठ में से चार रतलाम, रतलाम ग्रामीण, पेटलावद तथा अलीराजपुर पर भाजपा, तीन थांदला, झाबुआ और जोबट पर कांग्रेस और सैलाना पर निर्दलीय ने जीत दर्ज की है। इस आदिवासीबहुल क्षेत्र में बेरोजगारी और इसके चलते गुजरात की ओर पलायन मुख्य मुद्दा है।
कांग्रेस की ओर से यहां पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी श्री भूरिया के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। वहीं भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन महीने पहले झाबुआ आकर विशाल आदिवासी महाकुंभ को संबोधित कर चुके हैं। भाजपा ने तब से ही इस सीट पर पूरी ताकत लगाई हुई है। प्रदेश मंत्रिमंडल के तीन सदस्य नागर सिंह चौहान, निर्मला भूरिया और चैतन्य कश्यप इसी संसदीय क्षेत्र से हैं, जो लगातार चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं।
Similar Post
-
तमिलनाडु सरकार ने डीवीएसी निदेशक को प्रभारी डीजीपी नियुक्त किया
चेन्नई, गुरुवार, 11 दिसंबर 2025। तमिलनाडु सरकार ने सतर्कता एवं ...
-
सोनोवाल ने भारत के पहले स्वदेशी हाइड्रोजन ‘फ्यूल सेल’ पोत के वाणिज्यिक संचालन की शुरुआत की
वाराणसी (उप्र), गुरुवार, 11 दिसंबर 2025। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजर ...
-
ओडिशा में 4,000 किलोग्राम विस्फोट की लूट के मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर
भुवनेश्वर, गुरुवार, 11 दिसंबर 2025। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (ए ...
