भाजपा देश में अशांति पैदा कर रही है : राहुल गांधी
कन्नूर (केरल), गुरुवार, 18 अप्रैल 2024। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह देश में अशांति पैदा कर देश के लाखों लोगों को नुकसान पहुंचा रही है। कन्नूर में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि भाजपा देश की विविधता को बदलने का प्रयास कर रही है जबकि कांग्रेस वैचारिक भिन्नता को स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव देश के आधुनिक इतिहास में संभवत: पहला ऐसा चुनाव होगा जो कि ‘‘भारत के संविधान और हमारे देश के लोकतांत्रिक ढांचे के बारे में होगा।’’
राहुल ने कहा, ‘‘भाजपा आज भारत में जो करने का प्रयास कर रही है, उसकी कोशिश किसी राजनीतिक दल ने नहीं की। संविधान आधुनिक भारत की बुनियाद है। यह हमारे लोगों को समान अधिकार और समान अवसर देता है। हमारा संविधान देश में विभिन्न संस्थानों द्वारा संरक्षित है।’’ उन्होंने कहा कि नौकरशाही, न्यायपालिका, निर्वाचन आयोग, पुलिस, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य एजेंसियां संविधान और भारतीय नागरिकों के अधिकारों की संरक्षक मानी जाती हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘इन संस्थानों पर कब्जा कर, ईडी और सीबीआई को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर, भाजपा हमारे देश की मूल प्रकृति को बदलने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ भारत की विविधता को स्वीकार करते हैं। हम बहु भाषाओं, परंपराओं, अलग-अलग इतिहास और हमारे सभी लोगों के विचारों को स्वीकार करते हैं। लेकिन भाजपा भारत के लोगों पर एक इतिहास, एक राष्ट्र, एक भाषा थोपना चाहती है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की विविधता को बदलने का प्रयास कर रही है और अपना वक्त ‘‘बर्बाद’’ कर रही है।
राहुल ने कहा, ‘‘पहली बात तो यह है कि इसे (विविधता) कभी नहीं बदला जा सकता। आप अपना वक्त बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आप भारतीय लोगों की ऊर्जा भी बर्बाद कर रहे हैं। आप अशांति पैदा कर रहे हैं और यह अशांति लोगों को नुकसान पहुंचा रही है।’’ वह कन्नूर से चुनाव लड़ रहे केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष के. सुधाकरण और कासरगोड से उम्मीदवार राजमोहन उन्निथन के लिए प्रचार कर रहे थे। केरल में लोकसभा चुनाव के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा और नतीजों की घोषणा चार जून को की जाएगी।
Similar Post
-
राज्य में खनन क्षेत्र में अपार संभावनाएं- CM शर्मा
जयपुर, मंगलवार, 19 मई 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि र ...
-
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मद्देनजर खांडू से इस्तीफा मांगे मोदी: कांग्रेस
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। कांग्रेस ने कहा है कि उच्चतम न्या ...
-
पेट्रोल-डीजल के दाम चार दिन में दूसरी बार बढ़ाने पर जवाब दें मोदी: खरगे
नई दिल्ली, मंगलवार, 19 मई 2026। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख ...
