हिमाचल की फैक्टरी में आग लगने के बाद 13 श्रमिक लापता, बचाव अभियान जारी
शिमला, शनिवार, 03 फ़रवरी 2024। हिमाचल प्रदेश में सोलन जिले के बद्दी औद्योगिक क्षेत्र में एक सौंदर्य प्रसाधन उत्पाद बनाने वाले कारखाने में भीषण आग लगने के एक दिन बाद शनिवार को 13 लापता कर्मचारियों के लिए बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में एक महिला की मौत हो गयी है और 31 अन्य घायल हो गए हैं। आग लगने की घटना शुक्रवार को अपराह्न करीब पौने तीन बजे एनआर अरोमा में हुई और अभी तक उस पर काबू नहीं पाया जा सका है। सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने शनिवार को बताया कि घटना के समय करीब 50 लोग इमारत में थे और उनमें से कुछ अपने घर भाग गए जबकि 13 लोगों के अब भी लापता होने की आशंका है। उन्होंने बताया कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। आग पर अभी काबू नहीं पाया जा सका है क्योंकि परफ्यूम और अन्य सौंदर्य प्रसाधन बनाने में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील पदार्थ में आग लग गयी है।
पुलिस ने बताया कि लापरवाही का एक मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस, राजस्व और अन्य दल बचाव अभियान में लगे हुए हैं। शर्मा ने कहा, ‘‘लोग अपनी जान बचाने के लिए इमारत की पहली और दूसरी मंजिल से कूद गए और उन्हें हाथ, पैर तथा कुछ को तो रीढ़ की हड्डी में भी चोटें आयी हैं।’’ उन्होंने बताया कि आग लगने की वजह अभी पता नहीं चली है और फॉरेंसिक का एक दल जांच कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सौंदर्य प्रसाधन सामग्री से निकल रहे धुएं के गुबार के चलते आग पर काबू पाने में बाधा आई और श्रमिक जान बचाने के लिए इमारत की छत पर चढ़ गए।
Similar Post
-
सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज
नोएडा, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश के नोएडा में भारती ...
-
आईएएस अधिकारी सज्जन सिंह यादव होंगे जम्मू-कश्मीर के नए मुख्य सचिव
जम्मू, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। एजीएमयूटी कैडर के भारतीय प्रशास ...
-
उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन ने बदरीनाथ और केदारनाथ में पूजा-अर्चना की
गोपेश्वर, शनिवार, 24 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज् ...
