महाराष्ट्र भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल, नवनाथ बन बने मुख्य प्रवक्ता
मुंबई, 24 फरवरी (भाषा) संगठनात्मक फेरबदल के तहत भारतीय जनता पार्टी की महाराष्ट्र इकाई ने पहली बार बृहन्मुंबई महानगरपालिका के पार्षद बने नवनाथ बन को पार्टी का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। यह घोषणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने मंगलवार को की। नवनाथ बन इससे पहले पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने केशव उपाध्ये का स्थान लिया है। मुंबई में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चव्हाण ने पार्टी के नए प्रदेश पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। इनमें मुख्य प्रवक्ता, महासचिव, सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष तथा भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। चव्हाण ने बताया कि कुछ माह पहले केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने कहा, ''इसके तुरंत बाद आचार संहिता लागू हो गई और स्थानीय निकाय चुनाव शुरू हो गए। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं ने निर्णय लिया कि प्रदेश कार्यकारिणी और पदाधिकारियों की नियुक्ति चुनावों के बाद की जाएगी।''
उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों को अंतिम रूप देने से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, वरिष्ठ नेताओं अमित शाह, बी. एल. संतोष और शिव प्रकाश के साथ-साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा महाराष्ट्र के अन्य प्रमुख नेताओं से विस्तृत चर्चा की गई। चव्हाण ने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की पूरी सूची जारी करना चाहती थी, लेकिन फिलहाल केवल प्रमुख पदों और सीमित नामों की ही घोषणा की गई है। जारी सूची के अनुसार विधायक अतुल भातखलकर, भारती पवार, संजय कोरगे, संजय भेंडे, रामदास कदम, केशव उपाध्ये, गोपीचंद पडलकर, प्रिया शिंदे, सुजय विखे पाटिल और अर्चना पाटिल चाकुरकर को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
विधान परिषद सदस्य निरंजन दावखरे, संजय कुटे, माधवी नाइक, राजेश पांडे, सुनील राणे और योगेश सागर को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। सचिवों की सूची में मंगेश चव्हाण, संजय कुटे, परिणय फुके, वर्षा दहाले, संजय जगताप, अर्चना देहनकर, रोहिणी नायडू, राम सातपुते, प्रवीण घुगे, रेखा कुलकर्णी और भैरवी घाक के नाम शामिल हैं। इसके अलावा कृष्णराज महाडिक को भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, चित्रा वाघ को महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष, योगेश तिलेकर को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष और विधायक मिहिर कोटेचा को प्रदेश कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Similar Post
-
प्याज की जमाखोरी पर नजर रखी जाएगी, तय सीमा से ज्यादा चीनी जमा करने पर होगी कार्रवाई- सीएम रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, मंगलवार, 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ...
-
अमेरिकी राजदूत ने व्यापार एवं औद्योगिक संबंध बढ़ाने के लिए हैदराबाद में उच्चस्तरीय बैठक की
हैदराबाद, मंगलवार, 25 अगस्त 2026। भारत में अमेरिका के राजदूत सर ...
-
तमिलनाडु विधानसभा में अगस्त 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने का प्रस्ताव पारित किया
चेन्नई, मंगलवार, 25 अगस्त 2026। तमिलनाडु विधानसभा ने मंगलवार को ...
