हॉकी में भारत ने बंगलादेश को 12-0 से हराकर सेमीफाइनल में किया प्रवेश

img

हांगझोउ, सोमवार, 02 अक्टूबर 2023। चीन में चल रहे 19वें एशियाई खेलों के पुरूष हॉकी पूल ए मुकाबले में सोमवार को भारतीय हॉकी टीम ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह की हैट्रिक बदौलत बंगलादेश को 12-0 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह (दूसरे,चौथे और 32वें मिनट में), मनदीप सिंह (18, 24 और 46वें मिनट में), ललित उपाध्याय (23वें मिनट में), अमित रोहदास (28वें मिनट में), अभिषेक (41वें और 57वें मिनट में), नीलकांत शर्मा (47वें मिनट में), गुरजंत सिंह (56वें मिनट में) में गोल दागे।

वहीं, बंगलादेश की टीम पूरे मुकाबले में एक भी गोल करने में सफल नहीं हो पाई। आत्मविश्वास से लबरेज़ भारतीय टीम ने रोमांचक शुरुआत की। खेल शुरू होने के कुछ समय बाद ही भारत ने दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और ड्रैग फ्लिक में माहिर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2,4वें मिनट में गोल दागे। पहले क्वार्टर में भारत ने 2-0 से बढ़त बनाई। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत भी आक्रामकता के साथ हुई और 18वें मिनट में मनदीप सिंह ने मैच का पहला फील्ड गोल करके भारत के स्कोर को 3-0 कर दिया। वहीं, 23वें मिनट में ललित उपाध्याय ने फील्ड गोल करते हुए भारत के लिए चौथा गोल किया।

इसके अगले ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और मनदीप सिंह ने पांचवां गोल दागा। 28वें मिनट में अमित रोहदास ने भारत के लिए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। भारतीय टीम ने बेहद ही आक्रामक खेल का मुज़ाहिरा किया जिसकी वजह से बंगलादेश के डिफेंस को काफी संघर्ष करना पड़ा। पहले हाफ के अंत तक भारतीय टीम ने अपनी बढ़त को 6-0 से बरकरार रखा। वहीं बंगलादेश ने एक भी गोल नहीं किया।

हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने तीसरे क्वार्टर में भी अपना दबदबा कायम रखा और इस क्वार्टर में भारत ने दो गोल किए। 32वें मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए अपना तीसरा गोल दागा। इसके बाद अभिषेक ने गोलकीपर को छकाते हुए गोलकर स्कोर 8-0 कर किया। अंतिम क्वार्टर की शुरुआत में ही मनदीप ने अपना तीसरा गोल दागा। इसके तुरंत बाद ही नीलकांत शर्मा ने फील्ड गोलकर स्कोर 10-0 कर दिया। फिर गुरजंत सिंह और अभिषेक ने क्रमश: 56 और 57 मिनट में गोल दागे। इसी के साथ भारत ने एकतरफा मुकाबले में बंगलादेश को 12-0 से मात देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई। भारत अब अपना सेमीफाइनल मुकाबला बुधवार को खेलेगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement