मुर्मू और धनखड़ ने सिक्किम के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को दी बधाई
नई दिल्ली, मंगलवार, 16 मई 2023। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और अन्य गणमान्य हस्तियों ने मंगलवार को सिक्किम के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। श्रीमती मुर्मू ने ट्वीट कर कहा, ''मैं सिक्किम के स्थापना दिवस पर सिक्किम के लोगों को बधाई देती हूं! सिक्किम आधुनिकता और अनूठी परंपराओं का मिश्रण प्रस्तुत करता है।'' उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के इस राज्य ने जैविक खेती का बीड़ा उठाया है, जैव विविधता को समृद्ध किया है और सतत विकास के लिए एक मॉडल तैयार किया है।
सुश्री मुर्मू ने कहा, ''पिछले साल राज्य की मेरी यात्रा के दौरान लोगों की गर्मजोशी ने मेरे दिल को छू लिया था। सिक्किम की निरंतर प्रगति के लिए मेरी शुभकामनाएं। धनखड़ ने ट्वीट किया, ''सिक्किम के स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई! सिक्किम के लोगों के समृद्ध भविष्य के लिए मेरी शुभकामनाएं! सुंदर पहाड़ों और समृद्ध जैव विविधता का घर सिक्किम अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि है।'' उन्होंने कहा कि सतत विकास, जैविक खेती और स्वच्छता के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता वास्तव में प्रेरणादायक है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, ''सिक्किम के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं। सिक्किम उत्तर पूर्वी भारत में एक 'रत्न' है, इसके मेहनती लोग देश की संस्कृति और अर्थव्यवस्था में भारी योगदान दे रहे हैं। मैं कामना करता हूं कि आगामी वर्षों में राज्य लगातार समृद्ध होता रहे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, ''सिक्किम के स्थापना दिवस पर, हम प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विविधता से संपन्न इस खूबसूरत राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई देते हैं। हम आपके लिए शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करते हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ''राज्य के स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं! प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध विरासत की भूमि, सिक्किम विविधता में एकता तथा उस सद्भाव का प्रतिनिधित्व करता है, भारत जिसका पक्षधर है।
Similar Post
-
एसआईआर: गोवा की अंतिम मतदाता सूची अब 21 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी
नई दिल्ली, बुधवार, 11 फरवरी 2026। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को घोष ...
-
ओडिशा ने माओवादी आत्मसमर्पण नीति में बदलाव किया
भुवनेश्वर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। ओडिशा सरकार ने माओवादियों के ...
-
मप्र : मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, उद्योगपति समेत दो गिरफ्तार
इंदौर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश पुलिस के नारकोटिक्स दस ...
