अगले महीने मध्य प्रदेश में कांग्रेस का चुनाव अभियान शुरू करेंगी प्रियंका गांधी: पार्टी नेता
जबलपुर, शनिवार, 06 मई 2023। इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान की शुरुआत पार्टी की नेता प्रियंका गांधी अगले महीने जबलपुर से करेंगी। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। मध्य प्रदेश में पिछला विधानसभा चुनाव 28 नवंबर 2018 को हुआ था। जबलपुर के महापौर और कांग्रेस के नगर प्रमुख जगत बहादुर सिंह ने शनिवार को पीटीआई-भाषा को बताया कि प्रियंका जी यहां 12 जून को पार्टी के अभियान और ‘संकल्प 2023’ की शुरुआत करेंगी।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस महासचिव जबलपुर में दो किलोमीटर का रोड शो भी करेंगी और एक रैली को संबोधित करेंगी। उन्होंने कहा, हम डेढ़ से दो लाख लोगों के जमा होने की उम्मीद कर रहे हैं। इसके लिए हम शीघ्र ही महाकौशल क्षेत्र में नेताओं की बैठक करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, उनका अंतिम कार्यक्रम तीन या चार दिन में आ जाएगा। वह 12 जून को जबलपुर आ रही हैं। मुझे इसके बारे में सूचित किया गया है और प्रदेश नेतृत्व ने इसके लिए तैयारियां करने को कहा है।
सिंह ने कहा कि महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर संभाग के आठ जिले) के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अपेक्षित महसूस कर रहे हैं। हमने इस क्षेत्र में (पिछली बार) अच्छा प्रदर्शन किया था। इस बार हम इस क्षेत्र से चुनाव जीतने जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव में 230 सदस्यीय सदन में कांग्रेस 114 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी थी, जबकि भाजपा ने 109 सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने कमलनाथ के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनाई थी लेकिन मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के वफादार कई विधायकों के कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले जाने से कांग्रेस नीत सरकार गिर गई और भाजपा सत्ता में आई तथा शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हुआ।
Similar Post
-
मेरठ में दो उपनिरीक्षक पर व्यापारी का अपहरण और वसूली का आरोप, 15 लाख रुपये बरामद
मेरठ (उप्र), मंगलवार, 10 फरवरी 2026। मेरठ में लोहिया नगर थाने में ...
-
यदि भाषा विरोध बीमारी है तो अधिकांश राज्य इससे ग्रस्त हैं: राज ठाकरे ने भागवत पर साधा निशाना
मुंबई, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनए ...
-
प्रतिस्पर्धा के बजाय अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर आधारित है भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम: इसरो प्रमुख
बेंगलुरु, मंगलवार, 10 फरवरी 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संग ...
