मलेशिया ने जापान को मात दी

राउरकेला, शनिवार, 28 जनवरी 2023। मलेशिया ने शेलो सिल्वेरियस के दो गोलों की बदौलत शनिवार को एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के क्लासिफिकेशन मुकाबले में जापान को 3-2 से मात दी। बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पर 13वें से 16वें स्थान के लिये खेले गये मुकाबले में शेलो सिल्वेरियस (सातवां, 31वां मिनट) ने मलेशिया के लिये दो गोल किये, जबकि सुहैमी इरफान शाहमी (33वां मिनट) ने एक गोल किया। जापान के गोल काइतो तनाका (23वां) और सेरेन तनाका (31वां मिनट) ने दागे।
मलेशिया ने मुकाबले की मजबूत शुरुआत करते हुए सातवें मिनट में ही पेनल्टी कॉर्नर पर गोल जमा दिया, जबकि जापानी रक्षण शुरुआती क्वार्टर में कमजोर नजर आया। दूसरे क्वार्टर में हालांकि मलेशिया के मरहान जलील को येलो कार्ड देखकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। जापान ने विपक्षी टीम का एक खिलाड़ी कम पाकर उस पर दबाव बनाया। जापान 23वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने में असफल रहा, लेकिन इसी मिनट काइतो ने फील्ड गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।
जापान ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत सेरेन के गोल से की, लेकिन इसके बाद मलेशिया उस पर पूरी तरह हावी रहा। सिल्वेरियस ने एक बार फिर अपनी टीम के लिये आगे आते हुए फील्ड गोल किया, जबकि सुहैमी ने दो मिनट बाद गोल करके मलेशिया को बढ़त की स्थिति में पहुंचा दिया। जापान ने तीसरा क्वार्टर समाप्त होने से पहले तीन पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किये लेकिन वह उनका लाभ नहीं ले सका। मलेशिया ने इसके बाद गेंद को अपने कब्जे में रखते हुए जापान को मैच में वापस आने का मौका नहीं दिया और एक गोल के अंतर से जीत हासिल की। मलेशिया ने इस जीत के साथ विश्व कप में 13वां स्थान हासिल करने के लिये अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इस वर्ग का दूसरा मुकाबला चिली और फ्रांस के बीच दोपहर दो बजे से खेला जायेगा।


Similar Post
-
तलवार ने चेक गणराज्य में कट में प्रवेश किया
ब्रनो (चेक गणराज्य), शनिवार, 14 जून 2025। भारतीय गोल्फर सप्तक तलव ...
-
अवनि हुलेनकोर्ट महिला ओपन में दूसरे स्थान पर बरकरार
हुलेनकोर्ट (बेल्जियम), शनिवार, 14 जून 2025। भारत की अवनि प्रशांत ...
-
यह जानना महत्वपूर्ण है कि कब तैयार रहना है: प्रसिद्ध कृष्णा
बेकेनहैम (ब्रिटेन), शनिवार, 14 जून 2025। भारतीय तेज गेंदबाज प्रस ...