कांग्रेस की असम इकाई की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का समापन

गुवाहाटी, शुक्रवार, 16 दिसम्बर 2022। कांग्रेस की असम इकाई की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 45 दिन में 835 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद राज्य के पूर्वी छोर सादिया में समाप्त हुई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव जितेंद्र सिंह ने चापाखोवा खेल के मैदान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही यात्रा बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई हो, लेकिन यह ‘‘भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) के अन्याय एवं अनैतिकता के खिलाफ क्रांति’’ की मात्र एक शुरुआत है। कांग्रेस की राज्य इकाई की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ एक नवंबर को धुबरी जिले के गोलकगंज से शुरू हुई थी और यह 15 जिलों, नौ लोकसभा क्षेत्रों एवं 51 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरी।
सिंह ने कहा, ‘‘हमारी यात्रा में विभिन्न समुदायों, धर्मों, भाषाओं एवं जातियों के लोगों ने भाग लिया और कांग्रेस पार्टी के प्रति भरोसा जताया।’’ कांग्रेस कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की 3,570 किलोमीटर की मुख्य यात्रा के अलावा राज्य स्तर पर भी कई यात्राएं आयोजित कर रही है। ये यात्राएं उन राज्यों में आयोजित की जा रही हैं, जहां से मुख्य यात्रा नहीं गुजरेगी। सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार ‘‘असम की भाषा और संस्कृति को नष्ट करने का खतरा पैदा कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘निरंकुश शासन लाकर लोकतंत्र के शासन और संवैधानिक सिद्धांतों को तोड़ने-मरोड़ने के बाद, भाजपा और हिमंत विश्व शर्मा को इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।’’ असम की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने सभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि यात्रा के दौरान लोगों से मिली प्रतिक्रिया और उनका समर्थन ‘‘वास्तव में अभूतपूर्व’’ है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के कुशासन के कारण महंगाई, बेरोजगारी की समस्या और सांप्रदायिक राजनीति ने असमिया समाज के सौहार्द और सद्भाव को विनाश की ओर धकेल दिया है। लोग हर जगह भय और आतंक के माहौल में जीने को मजबूर हैं।’’


Similar Post
-
कोलकाता पुलिस एसटीएफ ने सियालदह स्टेशन पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, हथियार बरामद
कोलकाता, सोमवार, 17 मार्च 2025। कोलकाता पुलिस के विशेष कार्य बल ( ...
-
अरुणाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण करेगा
ईटानगर, सोमवार, 17 मार्च 2025। अरुणाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आय ...
-
मणिपुर के विष्णुपुर जिले में सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद जब्त किया
इंफाल, सोमवार, 17 मार्च 2025। मणिपुर के विष्णुपुर जिले में सुरक ...