कांग्रेस ने नीतीश, तेजस्वी से कानून मंत्री विवाद पर आवश्यक कदम उठाने का किया आग्रह
पटना, शनिवार, 20 अगस्त 2022। कांग्रेस ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता कार्तिक कुमार को महागठबंधन सरकार में कानून मंत्री बनाये जाने से उपजे विवाद को लेकर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कार्तिक कुमार पर यह आरोप लगाते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है कि उनके खिलाफ 2014 के अपहरण के एक मामले में गिरफ्तारी वारंट लंबित है। इस मामले में मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह भी आरोपी हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल भाकपा (माले) ने भी मंत्रिमंडल में राजद नेता को शामिल किए जाने पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
कांग्रेस के बिहार मामलों के प्रभारी भक्त चरण दास ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव दोनों को राजद नेता कार्तिक कुमार के खिलाफ मामले की गंभीरता को समझना चाहिए। इस मुद्दे पर चर्चा की जरूरत है और मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अदालत की कार्यवाही से लगातार अनुपस्थित रहना या सम्मन से बचना अच्छी बात नहीं है। उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने से पैदा हुआ विवाद अवांछित है। इस मामले को सुलझाने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि वह 24 अगस्त को पटना आएंगे और उनकी पार्टी के नेता इस मामले पर नीतीश कुमार तथा तेजस्वी यादव से बातचीत करेंगे। इससे पहले, जब मुख्यमंत्री से यह पूछा गया था कि क्या कार्तिक कुमार मंत्रिमंडल में बने रहेंगे, इस पर उन्होंने कहा था कि सरकार इस मामले पर गौर कर रही है। कार्तिक को मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर महागठबंधन में मतभेद सामने आए हैं। बिहार में महागठबंधन में अभी सात दल शामिल हैं और 243 सदस्यीय विधानसभा में उनके 160 से अधिक विधायक हैं।
Similar Post
-
एसआईआर: गोवा की अंतिम मतदाता सूची अब 21 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी
नई दिल्ली, बुधवार, 11 फरवरी 2026। निर्वाचन आयोग ने बुधवार को घोष ...
-
ओडिशा ने माओवादी आत्मसमर्पण नीति में बदलाव किया
भुवनेश्वर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। ओडिशा सरकार ने माओवादियों के ...
-
मप्र : मेफेड्रोन के कारखाने का खुलासा, उद्योगपति समेत दो गिरफ्तार
इंदौर, बुधवार, 11 फरवरी 2026। मध्यप्रदेश पुलिस के नारकोटिक्स दस ...
