सदन में सार्थक चर्चा संसदीय लोकतंत्र का आधार- मुख्य न्यायाधीश
- भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन वी रमणा ने किया राजस्थान विधानसभा में डिजिटल संग्रहालय का लोकार्पण
जयपुर, रविवार, 17 जुलाई 2022। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन वी रमणा ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा संसदीय लोकतंत्र है। लोकतंत्र में न्यायपालिका की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आजादी के 75 सालों में आमजन की आकांक्षाओं और सच्चाई के बीच सेतु का काम करते हुए न्यायपालिका ने प्रगतिशील कानूनों और नीतियों के फलस्वरूप भारत के विकास और परिवर्तन की कहानी लिखी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र हमारी पहचान परिभाषित करता है, हमारी स्वतंत्रता, अधिकार और कर्तव्य निर्धारित करता है।
उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र बहुलता को संरक्षित करता है। लोकतंत्र की सफलता जनता के विश्वास और भागीदारी में ही निहित है। भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एन वी रमणा राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में आयोजित संसदीय लोकतंत्र के 75 वर्ष विषयक सेमिनार के मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। साथ ही रमणा ने आज शनिवार को राजस्थान विधानसभा में राजस्थान की गौरवमयी गाथा, राजनैतिक अतीत और वर्तमान राजस्थान और उसकी संरचना को प्रदर्शित करने वाले डिजिटल संग्रहालय राजनैतिक आख्यान का लोकार्पण किया। मुख्य न्यायाधीश एन वी रमणा, विधान सभा अध्यक्ष डा. सी.पी. जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व अन्य विशिष्ट अतिथियों ने संग्रहालय का अवलोकन किया।
राजस्थान की संस्कृति और परम्पराओं की प्रशंसा करते हुए रमणा ने कहा कि राजस्थान के लोग सतर्क, जागरूक और लोकतांत्रिक व्यवस्था में पूर्ण भागीदार है। उन्होंने कहा कि राजस्थान विधान सभा की कार्यवाही का लाइव प्रसारण जनप्रतिनिधियों को उत्तरदायी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। न्यायाधिपति ने कहा कि कानून और नीतियों का निर्माण पर्याप्त नहीं है बल्कि उन्हें सही ढंग से लागू किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विधायिका कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच समन्वय के लिए जरूरी है कि सदन में सार्थक बहस होती रहे और जनता के हित में नीतियों का निर्माण हो। युवाओं का आह्वान करते हुए रमणा ने कहा कि लोकतंत्र का आधार युवा है और युवा ही भारत के भविष्य का निर्माता है। इसलिए आज का युवा जागरुक और जानकार बने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। इस अवसर पर न्यायमूर्ति रमणा ने डिजिटल संग्रहालय का लोकार्पण करते हुए कहा कि यह संग्रहालय राजस्थान की राजनैतिक और ऐतिहासिक विशेषताओं के साथ-साथ समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय मात्र एक भवन नहीं बल्कि हमारे भूतकाल और भविष्य का सेतु है। यह संग्रहालय नि:संदेह युवाओं को जिज्ञासु बनायेगा।
एक दिवसीय सेमिनार को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पूरी दुनिया में एक मिसाल है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, डॉ बी आर अंबेडकर, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, गोपाल कृष्ण गोखले सहित महान हस्तियों के जीवन त्याग और बलिदान की रक्षा करना हमारा दायित्व है। वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि आने वाली पीढ़ी के लिए भारत अखंड और मजबूत बना रहे। लोकतंत्र की रक्षा में विधायिका कार्यपालिका और न्यायपालिका की अपनी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस कार्यक्रम में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायाधिपति अजय रस्तोगी व न्यायाधिपति दिनेश माहेश्वरी और राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायाधिपति संभाजी शिवाजी शिंदे विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंत्री मण्डल के सदस्यगण और विधायकगण मौजूद रहे। राजस्थान विधान सभा के सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने समारोह का संयोजन कर सभी आगन्तुकों का स्वागत किया और आभार ज्ञापित किया।
ऐसा है राजनैतिक आख्यान संग्रहालय:- देश के गुलाबी नगर जयपुर के विधानसभा भवन की ऊपरी व निचली भूतल में स्थित 21 हजार स्क्वायर फीट में बना यह विशाल संग्रहालय अत्याधुनिक तकनीकी माध्यमों से राजस्थान की गौरवमय गाथा और राजनीतिक आख्यानों को प्रस्तुत करता है। संग्रहालय में आम नागरिक वर्तमान राजस्थान व उसकी संरचना, राज्य के निर्माण में सहभागी रहे जन नेताओं और निर्माताओं के योगदान को देख सकेंगे। साथ ही कलात्मकता और आधुनिकता के पर्याय इस संग्रहालय में विधानसभा की कार्यप्रणाली और विभिन्न प्रक्रियाएं, राजस्थान के मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष, निर्वाचन क्षेत्र और विधायक गणों के बारे में जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। मंत्रिमंडल विपक्ष के नेता और अन्य नेताओं की भूमिका को प्रदर्शित करता यह संग्रहालय पूरे देश में अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
डिजिटल म्यूजियम में आगंतुक अत्याधुनिक तकनीकी माध्यमों से लोकतंत्र विधानसभा के कार्य और प्रशासन प्रणाली तथा सामान्य नागरिक से जनता के सर्वोच्च प्रतिनिधि तक की यात्रा का सफर देख सकेंगे। 40 से अधिक इंस्टॉलेशन और विभिन्न टेक्नोलॉजी से सुसज्जित यह डिजिटल म्यूजियम नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का सतत स्रोत होगा। डिजिटल संग्रहालय में आधुनिकतम तकनीकों का प्रयोग किया गया है।
Similar Post
-
ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी, महिला व दो बेटियों की मौत
जयपुर, मंगलवार, 27 जनवरी 2026। राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले ...
-
जैसलमेर शहर में पर्यटकों को देना होगा 'यात्री कर'
जयपुर, शनिवार, 24 जनवरी 2026। राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमे ...
-
मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए आवेदन शुरू
- एसएसओ आईडी और ई-मित्र से कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
- प्र ...
