इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं: स्टालिन

img

चेन्नई, रविवार, 30 नवम्बर 2026। द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और वहां के लोगों के कल्याण को सर्वोपरि रखते हुए फैसले लिए हैं और ‘‘इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं।’’ वीरपांडिया कट्टाबोम्मन एक वीर तमिल राजा थे, जिन्होंने अंग्रेजों का बहादुरी से विरोध किया था। तत्कालीन विदेशी शासकों ने उन्हें पकड़ने के बाद फांसी पर लटका दिया था। वहीं, तमिल भाषा में ‘एट्टप्पन’ शब्द का इस्तेमाल आमतौर पर गद्दार के लिए किया जाता है।

स्टालिन ने राहुल गांधी को यह जवाब कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रस्तावित बैठक से कुछ घंटे पहले दिया। इस प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य नेता शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य द्रमुक प्रमुख से केंद्र के परिसीमन विधेयक के समर्थन का फैसला वापस लेने का आग्रह करना है। राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के हितों और राज्यों के अधिकारों की रक्षा के अपने रुख से कभी समझौता नहीं करेगी। द्रमुक प्रमुख ने राहुल को ‘भाई’ कहकर संबोधित करते हुए संविधान और संघीय अधिकारों की रक्षा में द्रविड़ पार्टी की ‘‘ऐतिहासिक भूमिका’’ को स्वीकार करने के लिए उनका आभार जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी का हर फैसला तमिलनाडु और तमिल लोगों के कल्याण को सर्वोपरि रखकर लिया जाता है। स्टालिन ने कहा, ‘‘हम इस रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेंगे और मुझे विश्वास है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, एट्टप्पन के रूप में नहीं।’’ उन्होंने 18वीं सदी के सरदार वीरपांडिया कट्टाबोम्मन का उल्लेख किया, जिन्हें तमिलनाडु में ब्रिटिश शासन का विरोध करने के लिए याद किया जाता है। इसके विपरीत, तमिल लोककथाओं में एट्टप्पन का नाम विश्वासघात का प्रतीक माना जाता है।

इससे पहले, राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में घोषणा की थी कि वह ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ चेन्नई जाकर स्टालिन से मुलाकात करेंगे और उनसे तथा द्रमुक से परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का औपचारिक अनुरोध करेंगे। इससे पहले, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं चेन्नई जाकर थिरु एम के स्टालिन से मुलाकात करेंगे तथा उनसे तथा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) से परिसीमन संबंधी संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने का अनुरोध करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ''लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। इससे भाजपा-आरएसएस को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की असीमित छूट मिल जाएगी।  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ''भाई स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। राष्ट्रीय हित में, तमिलनाडु के हित में और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर गिराना होगा।'' रविवार को होने वाली यह बैठक द्रविड़ पार्टी द्वारा केंद्र के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने की घोषणा के एक दिन बाद हो रही है। द्रमुक के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं।

यह बैठक पूर्व सहयोगियों द्रमुक और कांग्रेस के बीच लगातार जारी खींचतान के बीच भी हो रही है। कांग्रेस ने अप्रैल में हुए चुनावों के बाद गठबंधन छोड़कर सत्तारूढ़ टीवीके को समर्थन दिया था और उसकी गठबंधन सरकार का हिस्सा बनी थी। स्टालिन ने शनिवार को कहा था कि द्रमुक ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला इसलिए किया क्योंकि इसमें पार्टी की दो प्रमुख मांगें शामिल की गई हैं। उन्होंने इसे पार्टी के संघर्ष की जीत और सभी दक्षिणी राज्यों की जीत बताया था।

द्रमुक की दो प्रमुख मांगों में लोकसभा में तमिलनाडु की सीटों में 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी में किसी भी तरह की कमी नहीं करना और 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसद में प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखना शामिल है। द्रमुक ने पहले परिसीमन प्रस्ताव का पुरजोर विरोध किया था। उस समय मुख्यमंत्री रहे स्टालिन ने अप्रैल में काले कपड़े पहनकर विधेयक की एक प्रति जलाई थी। इस बीच, पत्रकारों ने कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के आगमन पर उदयनिधि स्टालिन से प्रतिक्रिया मांगी तो राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने पूछा, ‘‘क्या वे आ रहे हैं?’’

उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘‘क्या वे आ रहे हैं? आने दीजिए। क्या आप कह रहे हैं कि उन्हें नहीं आना चाहिए? मुझे तो आपसे ही पता चल रहा है।’’ उदयनिधि ने कहा, ‘‘उन्हें आने दीजिए और मुलाकात करने दीजिए।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी पार्टी भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को इस मुद्दे पर दिए जा रहे समर्थन के फैसले पर फिर से विचार करेगी, उदयनिधि ने कहा कि इस बारे में कोई भी फैसला केवल उनके पिता स्टालिन ही लेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख के अलावा वरिष्ठ नेताओं ‘कनिमोई अम्मा’, ए राजा और थंगम तेनारासु ने विधेयक को द्रमुक के समर्थन के बारे में पर्याप्त स्पष्टीकरण दिया है।

उदयनिधि ने कहा, ‘‘हमारे पार्टी अध्यक्ष ऐसा कोई फैसला नहीं लेंगे जिससे हमारे राज्य के अधिकारों से समझौता हो। हम सही समय पर सही फैसला लेंगे। वास्तव में, देश में इस मुद्दे को सबसे पहले द्रमुक और हमारे नेता ने ही उठाया था।’’ द्रमुक प्रमुख के बेटे उदयनिधि ने जोर देकर कहा, ‘‘हम किसी भी कीमत पर तमिलनाडु के अधिकारों से समझौता नहीं करेंगे।’’ परिसीमन के मुद्दे पर अब तक प्रतिक्रिया नहीं देने वाले मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के बारे में पूछे जाने पर उदयनिधि ने कहा, ‘‘क्या उन्होंने कभी कुछ कहा है?’’

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement