सिख श्रद्धालु गुरु नानक जयंती समारोह में शामिल होने पाकिस्तान रवाना हुए
अमृतसर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव की 557वीं जयंती के अवसर पर 24 नवंबर को आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए 700 सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था रविवार को अटारी-वाघा भूमि मार्ग से पाकिस्तान रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि रविवार शाम तक और श्रद्धालु पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के नेतृत्व में सिख श्रद्धालुओं का जत्था सुबह पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ।
इस जत्थे में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की कार्यकारिणी के सदस्य रविंदर सिंह खालसा और सदस्य परमिंदर कौर, गुरनाम सिंह जस्सल, गुरिंदर कौर भोलूवाला तथा लखबीर सिंह भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार ने सीमा पर श्रद्धालुओं की यात्रा संबंधी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के लिए पर्याप्त संख्या में सीमा शुल्क और आव्रजन अधिकारियों की तैनाती की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान सरकार ने इस अवसर पर करीब 3,000 भारतीय सिख श्रद्धालुओं को वीजा जारी किए हैं। दोनों देशों की सरकारों ने अपनी-अपनी ओर से चिकित्सा शिविर, अस्थायी आवास और परिवहन की व्यवस्था की है।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम तक लाहौर पहुंचने के बाद सभी श्रद्धालु पाकिस्तान सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष वाहनों से गुरु नानक देव की जन्मस्थली ननकाना साहिब जाएंगे। स्वर्ण मंदिर से अटारी सीमा की ओर प्रस्थान करने से पहले गड़गज ने कहा कि प्रत्येक समर्पित सिख की दैनिक ‘अरदास’ में ननकाना साहिब और पाकिस्तान में स्थित अन्य ऐतिहासिक सिख तीर्थस्थलों तक निर्बाध पहुंच और उनकी उचित देखभाल एवं रखरखाव की कामना शामिल होती है। यह जत्था एक दिसंबर को भारत लौटेगा।
Similar Post
-
अरुणाचल प्रदेश दौरे के अंतिम दिन सहकारिता सम्मेलन में शामिल होंगे शाह, एनडीआरएफ परिसर का उद्घाटन करेंगे
ईटानगर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अर ...
-
विकिरण के खतरे को लेकर वल्लारपदम कंटेनर टर्मिनल के चालकों ने विरोध प्रदर्शन वापस लिया
कोच्चि, रविवार, 22 नवम्बर 2026। कोच्चि स्थित डीपी वर्ल्ड द्वारा ...
-
सिख श्रद्धालु गुरु नानक जयंती समारोह में शामिल होने पाकिस्तान रवाना हुए
अमृतसर, रविवार, 22 नवम्बर 2026। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक द ...
