पद्मजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से माफी मांगी, कहा: किसी पद की आकांक्षा नहीं

img

तिरुवनंतपुरम, शनिवार, 21 नवम्बर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में लौटने के फैसले की घोषणा करने के दो दिन बाद पद्मजा वेणुगोपाल ने भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से शनिवार को माफी मांगी और कहा कि वह किसी पद की आकांक्षा के बिना केवल एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में पार्टी में लौटना चाहती हैं। वेणुगोपाल ने यह टिप्पणी ऐसे समय में की है, जब कांग्रेस के कुछ युवा नेता पार्टी में उनकी प्रस्तावित वापसी की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। पद्मजा ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि भाजपा में शामिल होने का उनका फैसला भावनाओं में बहकर की गई एक ‘‘गलती’’ थी और पार्टी छोड़ने के समय उन्होंने जो कुछ कहा था, वह दिल से कहा था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में लौटने का फैसला उन्होंने यह एहसास होने के बाद किया कि उनके इस कदम से उन कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गहरी ठेस पहुंची, जो उनसे और उनके पिता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के. करुणाकरण से स्नेह करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं किसी पद की इच्छा लेकर वापस नहीं आ रही। मेरे मन में केवल कांग्रेस कार्यकर्ता बनने की इच्छा है।’’ पद्मजा ने कहा कि वह राज्य के विभिन्न हिस्सों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई आलोचना को पूरी तरह स्वीकार करती हैं और पार्टी एवं उसके कार्यकर्ताओं को पहुंची ठेस के लिए सभी से दिल से माफी मांगना चाहती हैं।

उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र उद्देश्य अगले महीने अपने पिता की पुण्यतिथि पर अपने प्रिय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करना है। पद्मजा के भाजपा छोड़ने के फैसले की घोषणा के बाद केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था। हालांकि, इसे लेकर कांग्रेस में मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। युवा नेताओं ने उनके इस कदम पर सवाल उठाए, जबकि वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से काफी हद तक परहेज किया। 

केरलम छात्र संघ (केएसयू) के अध्यक्ष अलोशियस जेवियर ने शुक्रवार को पार्टी नेतृत्व को आगाह किया कि वापसी करने वाले नेताओं को जमीनी स्तर पर काम किए बिना प्रमुख पद और विशेष सुविधाएं नहीं दी जानी चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता जिंटो जॉन ने भी पद्मजा की वापसी का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि पार्टी में ‘‘परिवारवाद के सहारे आगे बढ़ने वाले नेताओं के बच्चों’’ का दौर खत्म हो चुका है। कांग्रेस नेता दीप्ति मैरी वर्गीज ने भी शनिवार को कहा कि पार्टी नेतृत्व को पद्मजा की वापसी पर फैसला करने से पहले कार्यकर्ताओं की भावनाओं पर विचार करना चाहिए।

वर्गीज ने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि पद्मजा संघ परिवार के नेताओं के बारे में अब भी सकारात्मक बातें करती हैं और वह कई उम्मीदों के साथ भाजपा में शामिल हुई थीं। वर्गीज ने सवाल उठाया कि क्या पद्मजा वास्तव में कांग्रेस में लौट रही हैं। उन्होंने कहा कि पद्मजा ने इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पद्मजा ने पार्टी की कई महिलाओं सहित अनेक लोगों का अपमान करने के बाद कांग्रेस छोड़ी थी। वर्गीज ने कहा, ‘‘मुझे केवल इस बात का दुख है कि के. करुणाकरण की बेटी को इस तरह की बातें करनी पड़ीं।’’ उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने किसी विरोध प्रदर्शन में कम से कम एक बार भी मुट्ठी भींचकर ‘‘कांग्रेस जिंदाबाद’’ का नारा लगाया हो, वह कभी पार्टी नहीं छोड़ सकता। वर्गीज ने कहा कि उन्होंने पद्मजा को कभी ऐसे किसी आंदोलन में भाग लेते नहीं देखा। उन्होंने कहा कि पद्मजा की वापसी पर कांग्रेस नेतृत्व फैसला करेगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement