दुनिया के एक हिस्से में अशांति का असर पूरे विश्व पर पड़ता है : ओम बिरला

img

नई दिल्ली, गुरुवार, 19 नवम्बर 2026। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा कि दुनिया के किसी एक हिस्से में अशांति का असर अन्य हिस्सों पर भी पड़ता है। उन्होंने उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए वैश्विक शांति की आवश्यकता पर जोर दिया। बिरला ने यहां 23वें भारत-अमेरिका आर्थिक शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था, स्थिर नीतियां और कर ढांचा निवेश के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और न्याय की समानता संविधान के मूल मूल्य हैं और वैश्विक निवेशकों को आकर्षित करने में देश की सबसे बड़ी ताकतों में शामिल हैं।

बिरला ने भारत के मानव संसाधन को भी देश की एक बड़ी ताकत बताया और कहा कि देश के युवा अब कौशल, दक्षता और नए विचार एवं समाधान पेश करने की क्षमता से लैस हैं। उनका कहना था कि भारत और अमेरिका के बीच अधिक सहयोग से इस क्षमता का लाभ उठाने तथा प्रौद्योगिकी एवं रोजगार के क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है। अनुसंधान और नवाचार को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच अधिक सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी), भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईआईटी) और इंजीनियरिंग कॉलेजों के साथ साझेदारी बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अनुसंधान में औद्योगिक निवेश और अकादमिक विशेषज्ञता के मेल से भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

दवा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि भारतीय दवाओं ने विशेष रूप से अफ्रीकी देशों में काफी लोकप्रियता हासिल की है। उन्होंने दवा कंपनियों और विश्वविद्यालयों के बीच साझेदारी के माध्यम से नए अनुसंधान में अधिक निवेश की आवश्यकता पर जोर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ने रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देश आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और एक प्रमुख रक्षा निर्यात केंद्र के रूप में उभर रहा है।उन्होंने कहा कि भारत अन्य देशों को तेजी से रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है, जो घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में हुई प्रगति को दर्शाता है। बिरला ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र और स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र की संभावनाओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि युवा भारतीयों ने वैश्विक चुनौतियों के कई समाधान विकसित किए हैं।

ऊर्जा क्षेत्र पर उन्होंने कहा कि बढ़ती मांग, विशेष रूप से डेटा सेंटरों के विस्तार और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश के कारण नवाचार के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाने का प्रयास कर रहा है। बिरला ने कहा कि भारत और अमेरिका को निवेश बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी उपस्थिति मजबूत करने के लिए मिलकर रणनीतियां विकसित करनी चाहिए। 'वसुधैव कुटुंबकम' के दर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने जी20 और ब्रिक्स सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार शांति, स्थिरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और समावेशी विकास की पैरवी की है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement