भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने बदली दिशा, ओडिशा ने तैयारियां तेज कीं

img

भुवनेश्वर, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने अपनी दिशा बदल ली है तथा अब इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की संभावना है। इसके मद्देनजर ओडिशा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार सुबह पूर्वानुमान जताया था कि चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर एवं विशाखापत्तनम के बीच तट से भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में टकराएगा और हवा की अधिकतम निरंतर गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और झोंकों की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, विभाग ने दोपहर में अपना पूर्वानुमान बदलते हुए कहा कि चक्रवात नरसापुर और पुरी के बीच तट से टकराएगा तथा इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की गति सुबह के तीन किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर सात किलोमीटर प्रति घंटा होने के बीच ओडिशा के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा, ‘‘हमें चक्रवात की बदलती दिशा को ध्यान में रखते हुए उसी के अनुसार तैयारियां करनी होंगी।’’ उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्य सचिव और विशेष राहत आयुक्त संबंधित जिलाधिकारियों के संपर्क में हैं। बदलती स्थिति को ध्यान में रखते हुए बचाव एवं राहत दलों को भी तैनात किया जा रहा है।’’ मंत्री ने बताया कि कई जिलों में संवेदनशील स्थानों, मुख्य रूप से भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम शुरू हो चुका है। सरकार ने गंजाम के अलावा 141 स्थान की पहचान की है, जहां भूस्खलन का खतरा है। कोरापुट और मलकानगिरि में भी ऐसे स्थानों से लोगों को निकाला जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में मुख्य रूप से भारी बारिश से उत्पन्न होने वाली स्थिति से निपटने की रणनीति तैयार की जा रही है, क्योंकि आईएमडी ने पूर्वानुमान जताया है कि चक्रवात के तट से टकराने के दौरान भी ओडिशा में हवा की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटा से कम रहेगी। ओडिशा अक्टूबर से नवंबर के बीच आंध्र प्रदेश में तबाही मचाने वाले लगातार दो चक्रवातों ‘अर्नब’ और ‘मुरासु’ के सीधे प्रभाव से बच गया था लेकिन उसे कुछ हद तक इनका असर झेलना पड़ा था। अत्यंत भीषण चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण दक्षिण ओडिशा में व्यापक बाढ़ आई थी और कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ था। चक्रवात से जुड़ी घटनाओं में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह लोग अब भी लापता हैं।

मौसम संबंधी नयी चेतावनी के मद्देनजर ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश पी. पाटिल ने बुधवार को पर्यटन विभाग के आयुक्त-सह-सचिव को पत्र लिखकर सुरक्षा उपायों को तत्काल लागू करने का निर्देश दिया। एसआरसी ने पत्र में कहा, ‘‘समुद्र में ऊंची लहरों, तेज हवाओं, भारी बारिश और तटीय इलाकों में जलभराव से उत्पन्न खतरों से पर्यटकों, आगंतुकों, पर्यटन कर्मियों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तत्काल आवश्यकता है।’’

पाटिल ने पर्यटन विभाग से कहा कि वह पर्यटन अधिकारियों, ’टूर ऑपरेटर’, होटल एवं रिसॉर्ट संचालकों तथा अन्य संबंधित पक्षों को तत्काल निर्देश जारी करे कि संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में समुद्र तट पर पर्यटन और सभी मनोरंजक गतिविधियां स्थगित कर दी जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को असुरक्षित समुद्र तटों, समुद्र के किनारे स्थित स्थानों, तटीय दर्शनीय स्थलों पर आम लोगों के प्रवेश को प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि हालांकि चक्रवात के तट से टकराने का संभावित क्षेत्र नरसापुर और पुरी के बीच निर्धारित किया गया है, लेकिन इस बात की पूरी संभावना है कि यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम और ओडिशा के गोपालपुर के बीच तट से टकराए।

महापात्र ने कहा, ‘‘ओडिशा के दक्षिणी और उत्तरी क्षेत्रों के साथ-साथ तटीय इलाकों में 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।’’ चक्रवात के तट से टकराने के लिए नरसापुर से पुरी तक इतने लंबे क्षेत्र का अनुमान जताए जाने का कारण पूछे जाने पर महापात्र ने कहा, ‘‘ऐसे संकेत हैं कि चक्रवात की दिशा में फिर बदलाव हो सकता है। इसलिए इसका असर नरसापुर से पुरी के बीच महसूस किया जा सकता है।’’ भुवनेश्वर स्थित मौसम कार्यालय ने बताया कि 18 नवंबर को दक्षिण तटीय ओडिशा में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement