सज्जन सिंह यादव ने जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाला
जम्मू, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव ने बुधवार को केन्द्रीय सचिवालय में जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उनका तबादला कर इस पद पर नियुक्ति किए जाने के बाद उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। 1995 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी यादव ने अटल डुल्लू का स्थान लिया है, जो 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हुए थे। उनके कार्यभार संभालने तक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शैलेंद्र कुमार इस पद का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (डीआईपीआर) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''यादव ने आज जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। उनके पास लोक प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, स्वास्थ्य, पोषण और विकास नीतियों के क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है।''
24 अक्टूबर को नियुक्ति से पहले यादव दिल्ली सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत थे। अपने प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और विभिन्न केंद्र शासित प्रदेशों में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। इस दौरान उन्हें लोक प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, शासन और सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति के क्षेत्र में अनुभव प्राप्त हुआ। केंद्र सरकार में यादव वित्त मंत्रालय में विशेष सचिव और व्यय विभाग में संयुक्त सचिव रह चुके हैं। उन्होंने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तहत 'पोषण' अभियान के संयुक्त सचिव और मिशन निदेशक के रूप में भी काम किया है।
उनके अन्य पदों में दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक के सलाहकार, मूल्य वर्धित कर (वैट) आयुक्त, दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, दिल्ली सरकार में खाद्य एवं आपूर्ति आयुक्त और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त का पद शामिल है। यादव की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी विविध है। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन से डॉक्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ, अमेरिका के मिनेसोटा विश्वविद्यालय के हम्फ्रे इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक अफेयर्स से मास्टर ऑफ पब्लिक अफेयर्स और दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज से एमबीए की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा, उन्होंने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार से पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है।
शासन और लोक प्रशासन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें नागरिक केंद्रित सेवाओं की आपूर्ति में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 2017-18 का राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार दिया जा चुका है। उन्हें भारत की जनगणना संबंधी गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पदक से भी सम्मानित किया गया है। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के अलावा यादव लेखक और सार्वजनिक नीति के टिप्पणीकार भी हैं। उनकी पुस्तकों में 'स्केलिंग माउंट यूपीएससी : इंस्पायरिंग स्टोरीज ऑफ यंग आईएएस ऑफिसर्स' शामिल है, जिसे अंग्रेजी में पेंगुइन और हिंदी तथा मराठी में मंजुल प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।
Similar Post
-
वीबी-जी राम जी योजना के तहत शिकायतों के निपटारे के लिए लोकपाल संबंधी दिशानिर्देश जारी
नई दिल्ली, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। ग्रामीण विकास मंत्रालय ने ‘ ...
-
दक्षिण कश्मीर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख आतंकवादी मारा गया
श्रीनगर, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। सुरक्षाबलों ने बुधवार को दक्षि ...
-
कोलकाता में कालीघाट मेट्रो स्टेशन के पास भोजनालय में लगी आग
कोलकाता, बुधवार, 19 नवम्बर 2026। दक्षिण कोलकाता में कालीघाट मेट ...
