बिश्नोई गिरोह ने केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी, नहीं देने पर मौत की धमकी दी
मोहाली, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर उन्हें एवं उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देने संबंधी पार्टी विधायक जरनैल सिंह की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की है। दिल्ली के तिलक नगर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक जरनैल सिंह ने मोहाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायत में सिंह ने बताया कि उन्हें छह नवंबर को एक व्यक्ति का फोन आया और व्हाट्सऐप पर संदेश भी मिला तथा फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया। शिकायत के अनुसार, कथित फोनकर्ता ने केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की मांग की और पैसे न देने पर उन्हें एवं उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी। सिंह की शिकायत को मोहाली पुलिस ने प्राथमिकी का हिस्सा बनाया है। आप विधायक के अनुसार फोनकर्ता ने कहा, ‘‘ (मैं) लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से बोल रहा हूं। अरविंद केजरीवाल को बोल दे, सात करोड़ रुपये दे दो, नहीं तो अरविंद केजरीवाल और उसकी लड़की हर्षिता केजरीवाल को जान से मार दूंगा।’’
दिल्ली के विधायक ने मांग की कि मामले की व्यापक जांच की जाए और दोषी को पकड़ने के लिए ‘सीडीआर’, ‘आईपी लॉग’ और उपकरण की अवस्थिति का पता लगाया जाए, ताकि कोई अनहोनी न हो। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को धमकी दी गयी है, उन्हें पूरी सुरक्षा देने के लिए संबंधित कानून प्रवर्तन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ जरूरी तालमेल भी बिठाया जाना चाहिए। शिकायत के आधार पर मोहाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(4) (जबरन वसूली) और 351(2) (आपराधिक धमकी) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
Similar Post
-
बिश्नोई गिरोह ने केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी, नहीं देने पर मौत की धमकी दी
मोहाली, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। पंजाब पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आ ...
-
केरलम: माकपा, कॉजपा ने प्रदर्शनकारी एलपीएसटी रैंक धारकों का समर्थन किया
तिरुवनंतपुरम, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट ...
-
सीआरपीएफ के विशेष महानिदेशक ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से मुलाकात की
श्रीनगर, गुरुवार, 12 नवम्बर 2026। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआ ...
