विधानसभा संग्रहालय में 3-डी वर्चुअल हेलीकॉप्टर अनुभव होगा विकसित – देवनानी

img

  • आगामी 3 से 4 माह में शुरू करने का लक्ष्य, डेढ़ वर्ष में 55 हजार से अधिक लोगों ने किया संग्रहालय का अवलोकन

जयपुर, मंगलवार, 10 नवम्बर 2026। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अपने संक्षिप्त जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ हॉनर लिया तथा गणमान्यजनों से भेंट की।इस दौरान श्री देवनानी ने मीडिया से संवाद के दौरान विधानसभा संग्रहालय में किए जा रहे नवाचारों, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संविधान की मजबूती सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। देवनानी ने विधानसभा संग्रहालय में विकसित की जा रही नई सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि संग्रहालय में पूर्व में संविधान गैलरी एवं वैधानिक माध्यम गैलरी विकसित की गई हैं। अब यहां अत्याधुनिक 3-डी वर्चुअल हेलीकॉप्टर अनुभव विकसित किया जा रहा है। इसके माध्यम से दर्शक एक ही स्थान पर बैठे-बैठे देश के प्रमुख ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का आभासी भ्रमण कर सकेंगे। लगभग 15 से 20 मिनट के इस अनुभव के लिए निविदा प्रक्रिया लगभग पूर्ण हो चुकी है तथा आगामी 3 से 4 माह में इसे शुरू करने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा संग्रहालय को जनदर्शन के लिए प्रारंभ किए जाने के बाद पिछले डेढ़ वर्ष में 55 हजार से अधिक लोग इसका अवलोकन कर चुके हैं। इनमें स्कूली एवं महाविद्यालयी विद्यार्थी, आरएएस परीक्षार्थी, चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा का दायित्व केवल कानून निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के साथ उसका जीवंत संवाद एवं जुड़ाव भी उतना ही आवश्यक है।

देश के लोकतंत्र एवं युवा पीढ़ी की भूमिका पर उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र विश्व के सबसे मजबूत एवं स्थायी लोकतंत्रों में से एक है। देश का युवा एवं जेन-जी राष्ट्रवाद का समर्थक है। भारत में किसी भी प्रकार का परिवर्तन लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से ही संभव है। हिंसा एवं अराजकता के लिए भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने पड़ोसी देशों एवं अन्य राष्ट्रों की परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत है और यहां सत्ता एवं व्यवस्था में परिवर्तन का माध्यम लोकतांत्रिक प्रक्रिया ही है।

देवनानी ने संविधान की मजबूती पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि भारत का संविधान अत्यंत सशक्त है और इसकी संस्थागत व्यवस्था को कोई कमजोर नहीं कर सकता। डॉ. भीमराव अम्बेडकर द्वारा निर्मित संविधान तथा निर्वाचन आयोग, संसद, न्यायपालिका एवं सर्वोच्च न्यायालय जैसी संवैधानिक संस्थाएं भारतीय लोकतंत्र की मजबूती का आधार हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक विषय का समाधान संवैधानिक एवं संस्थागत प्रक्रियाओं के माध्यम से ही संभव है।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement