दिल्ली पुलिस ने 1,073 किलो से अधिक पटाखे जब्त किए, 10 प्राथमिकी दर्ज
नई दिल्ली, शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026। दिल्ली पुलिस ने त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तर जिले में 10 प्राथमिकी दर्ज की हैं और कुल 1,073.426 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट के अनुसार, सबसे पहले 16 अक्टूबर को लाहौरी गेट इलाके से 88.916 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 18 अक्टूबर को बुराड़ी में हिमगिरी के बी-ब्लॉक की गली नंबर 11 से 75.530 किलोग्राम और कोतवाली इलाके में अंगूरी बाग फूल वाला रोड पर प्रभा धर्मशाला के पास से 93 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि 23 अक्टूबर को सब्जी मंडी इलाके में 272.58 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। अधिकारी ने बताया कि 24 अक्टूबर और 25 अक्टूबर को बाड़ा हिंदू राव के महावीर बाजार इलाके में तीन मामलों में कुल 178.50 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। इनमें दो मामलों में 49.7 किलोग्राम और तीसरे मामले में 128.8 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को सब्जी मंडी इलाके में एक अन्य स्थान से 318.5 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए जबकि 27 अक्टूबर को दो अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली इलाके में मोती सिनेमा के पास से 14.6 किलोग्राम और सब्जी मंडी इलाके में रोशनआरा रोड पर पुल बंगश के पास से 31.8 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई लाहौरी गेट, बुराड़ी, कोतवाली, बाड़ा हिंदू राव और सब्जी मंडी थाना क्षेत्रों में की गई। डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने सभी 10 मामलों में भारतीय न्याय संहिता तथा विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की हैं।
Similar Post
-
विनेश को जारी कारण बताओ नोटिस पर डब्ल्यूएफआई को दो सप्ताह में फैसला लेने का निर्देश
नई दिल्ली, शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026। दिल्ली उच्च न्यायालय ने भ ...
-
आईआरसीटीसी होटल मामला : दिल्ली की अदालत ने लालू प्रसाद और अन्य के खिलाफ आरोप तय करने की प्रक्रिया टाली
नई दिल्ली, शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026। दिल्ली की एक अदालत ने शुक् ...
-
न्यायालय ने जदयू से निष्कासित विधायक अनंत सिंह को एक दिसंबर तक आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया
नई दिल्ली, शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से ...
