प.बंगाल विधानसभा में भाजपा की हासिरानी रथ और सखारोव सरकार ने विधायक पद की शपथ ली
कोलकाता, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर हाल में हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने वाली, भाजपा की हासिरानी रथ और सखारोव सरकार ने बुधवार को विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष रथींद्रनाथ बोस ने दोनों नवनिर्वाचित विधायकों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। रथ ने पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम सीट पर जीत हासिल की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने प्रभाव वाली इस सीट पर 2026 के विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट के साथ जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने इसे खाली किया था। वहीं, सखारोव सरकार ने मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट पर जीत दर्ज की। आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर के रेजीनगर और नौदा, दोनों सीटों से जीतने के बाद रेजीनगर सीट खाली करने के कारण उपचुनाव हुआ था।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विधानसभा में मौजूद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अब शपथ ग्रहण समारोह और विधानसभा की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाता है, जबकि पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासन में ऐसा नहीं होता था। उपचुनाव में विपक्षी उम्मीदवारों पर निशाना साधते हुए शुभेंदु ने कहा कि नंदीग्राम में 15 साल तक सत्ता में रहे लोगों ने अपना नामांकन वापस ले लिया, जबकि रेजीनगर में एक अन्य उम्मीदवार ने बीच में ही अपना चुनावी दावा छोड़ दिया और उनकी जमानत जब्त हो गई।
टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शुभेंदु ने कहा, ‘‘मैंने दक्षिण कोलकाता की भवानीपुर सीट पर उन्हें हराया था। मैं उनसे अनुरोध करूंगा कि अब और चुनाव न लड़ें। आपकी उम्र 75 साल से अधिक हो चुकी है। चुनावी मैदान में उतरने की जरूरत नहीं है, घर पर आराम करें।’’ उन्होंने कहा कि उन्होंने नंदीग्राम के लोगों से उनकी आकांक्षाएं पूरी करने का वादा किया था और रथ ने 1.22 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की। शुभेंदु ने कहा कि वह क्षेत्र के लोगों के साथ खड़े हैं और उन्हें सभी लाभ दिलाने का आश्वासन देते हैं।
शुभेंदु ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। उन्होंने उपचुनाव के दौरान किसी अप्रिय घटना के नहीं होने का जिक्र करते हुए रेजीनगर के मतदाताओं का भाजपा को समर्थन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यक मतदाताओं ने भी भाजपा का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा मुस्लिम विरोधी नहीं है। हम सनातनी हिंदू हैं, लेकिन सभी की जरूरतों का प्राथमिकता के आधार पर ध्यान रखते हैं।’’ शुभेंदु ने अपने सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या की सीबीआई जांच का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चंद्रनाथ, हासिरानी रथ के बेटे थे।
विपक्ष के नेता रितब्रत बनर्जी द्वारा विपक्षी सदस्यों के दस्तावेज ले जाने की कोशिश के आरोपों पर शुभेंदु ने कहा कि वह उनसे प्राथमिकी दर्ज कराने को कहेंगे। उन्होंने बताया कि इन आरोपों की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) करेगा। चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण 19 लोगों की मौत पर दुख जताते हुए शुभेंदु ने कहा कि एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली जांच समिति तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंप देगी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जांच के निष्कर्ष आपके साथ साझा करूंगा। जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।’’
Similar Post
-
प.बंगाल विधानसभा में भाजपा की हासिरानी रथ और सखारोव सरकार ने विधायक पद की शपथ ली
कोलकाता, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और ...
-
महंगाई भत्ता मामला: अदालत ने पंजाब के मुख्य सचिव पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया
चंडीगढ़, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायाल ...
-
तमिलनाडु: कैदियों के जेल से फरार होने की कोशिशों को रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की मंजूरी
चेन्नई, बुधवार, 28 अक्टूबर 2026। तमिलनाडु के थेनी जिले में कैदि ...
