रेपो दर में बढ़ोतरी से शेयर बाजार की तेजी थमी, सेंसेक्स 429 अंक गिरा
नीतिगत ब्याज दर (रेपो) में करीब चार साल बाद पहली बार बढ़ोतरी होने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से निवेशक धारणा प्रभावित होने के कारण स्थानीय शेयर बाजार लगातार दो दिन की तेजी के बाद बुधवार को गिरकर बंद हुए। सेंसेक्स में 429 अंक की गिरावट आई जबकि निफ्टी 173 अंक टूट गया। विश्लेषकों के मुताबिक, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के रेपो दर में 0.25 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी करने के फैसले से बाजार में गिरावट आई। इसके अलावा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी ने भी दबाव डाला।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 429.11 अंक यानी 0.59 प्रतिशत गिरकर 72,638.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 599.09 अंक गिरकर 72,468.72 अंक पर आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 173.05 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,603.05 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 26 के शेयर नुकसान में रहे। टाइटन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई।
दूसरी तरफ, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर लाभ में रहे। आरबीआई ने बुधवार को रेपो दर को 0.25 प्रतिशत अंक बढ़ाकर 5.50 प्रतिशत कर दिया जो करीब चार साल में पहली बढ़ोतरी है। साथ ही केंद्रीय बैंक ने अपनी मौद्रिक नीति का रुख बदलकर ‘सोच-समझकर सख्ती’ वाला कर दिया, जिससे निकट अवधि में दरों में कटौती की संभावना खत्म हो गई है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.41 प्रतिशत बढ़कर 102 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2,961.30 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘नीतिगत दर बढ़ोतरी उम्मीद के अनुरूप ही थी, लेकिन नीतिगत रुख में बदलाव से बाजार पर अधिक असर पड़ा। वृद्धि के अनुमान में बढ़ोतरी से घरेलू अर्थव्यवस्था की मजबूती का संकेत मिला, लेकिन महंगाई के ऊंचे अनुमान और मूल्य स्थिरता पर आरबीआई के जोर ने बाजार की धारणा को प्रभावित किया।’’ एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर के कारोबार के दौरान गिरावट रही। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। मंगलवार को सेंसेक्स 685.34 अंक बढ़कर 73,067.81 अंक और निफ्टी 220.35 अंक चढ़कर 22,776.10 अंक पर बंद हुआ था।
Similar Post
-
रेपो दर में बढ़ोतरी से शेयर बाजार की तेजी थमी, सेंसेक्स 429 अंक गिरा
नीतिगत ब्याज दर (रेपो) में करीब चार साल बाद पहली बार बढ़ोतरी होने और ...
-
रुपया दो पैसे की मामूली गिरावट के साथ 94.97 प्रति डॉलर पर
मुंबई, बुधवार, 02 सितंबर 2026। रुपये ने बुधवार को सीमित दायरे मे ...
-
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से सात का बाजार पूंजीकरण 1.13 लाख करोड़ रुपये घटा
स्थानीय शेयर बाजार में पिछले सप्ताह जारी गिरावट के बीच सेंसेक्स की ...
