गहलोत ने कोटा के अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के इलाज का मुद्दा उठाया

img

जयपुर, मंगलवार, 06 अक्टूबर 2026। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचाराधीन प्रसूताओं का मुद्दा उठाते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि उनके परिजनों को आगे के इलाज की कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। गहलोत ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा,‘‘कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ऑपरेशन के बाद गुर्दा फेल होने से पांच प्रसूताएं आज डायलिसिस के सहारे जिंदगी की सांसें गिन रही हैं, लेकिन उनके परिजनों को आगे के इलाज की कोई जानकारी तक नहीं दी जा रही है।’’ उन्होंने दावा किया कि इस मामले में पांच महिलाओं की जान जा चुकी है। प्रशासन ने 16 जुलाई को निःशुल्क इलाज और गुर्दा प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) का भरोसा दिया, लेकिन अंग दाता (मृतक व्यक्ति) के नाम का सूची में पंजीकरण दो महीने बाद 15 सितंबर को हुआ।

पूर्व मुख्यमंत्री के अनुसार,‘‘अब जांच समितियों ने निलंबित तीनों चिकित्सकों को क्लीन चिट देकर बहाल भी कर दिया। सवाल सीधा है, अगर किसी की व्यक्तिगत लापरवाही नहीं थी, तो पांच महिलाओं की मौत और कई का‘गुर्दा फेल‘ होने का जिम्मेदार कौन है?’’ उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार रिपोर्ट सार्वजनिक करने से क्यों बच रही है? गहलोत ने कहा,‘‘जिन बेटियों की जिंदगी दांव पर है, उन्हें वादों में उलझाए रखना संवेदनहीनता की हद है। उन्हें जल्द प्रत्यारोपण की सुविधा प्रदान करने के साथ पूरा मुआवजा दिया जाए और जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।’’

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement