‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दल सात अक्टूबर को दिल्ली निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे
नई दिल्ली, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल दलों की दिल्ली इकाइयां एसआईआर के खिलाफ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को दिल्ली निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से प्रदर्शन करेंगी। कांग्रेस की दिल्ली इकाई द्वारा रविवार को जारी बयान के अनुसार, यह फैसला कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया। कांग्रेस की दिल्ली इकाई के महासचिव अनिल भारद्वाज ने कहा कि इन दलों ने ‘‘दोषपूर्ण’’ एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ संयुक्त रूप से प्रदर्शन करने और इसे तत्काल वापस लेने की मांग करने का फैसला किया है।
भारद्वाज ने एक बयान में कहा, ‘‘मतदाता सूची लोकतंत्र की नींव है। यदि ऐसी कोई प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिससे संभावित रूप से मतदाताओं के नाम हट सकते हैं या उनके अधिकार प्रभावित हो सकते हैं, तो ‘इंडिया’ गठबंधन इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।” इन दलों ने यह भी मांग की कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और इसे संवैधानिक प्रावधानों तथा मतदाताओं के अधिकारों के अनुरूप संचालित किया जाए। भारद्वाज ने कहा कि सात अक्टूबर का प्रदर्शन ‘‘दिल्ली के मतदाताओं के अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा” के लिए संयुक्त प्रयास होगा।
Similar Post
-
‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दल सात अक्टूबर को दिल्ली निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे
नई दिल्ली, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ...
-
अहिंसा का अर्थ है विचार, वचन और कर्म से हिंसा का अभाव : उपराष्ट्रपति
नई दिल्ली, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राध ...
-
पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर राजस्थान- मुख्यमंत्री शर्मा
जयपुर, रविवार, 04 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा ...
