केरलम के मुख्यमंत्री ने तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस कार्यालयों पर हमले की निंदा की
तिरुवनंतपुरम, बुधवार, 30 सितंबर 2026। केरलम के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन ने तिरुवनंतपुरम जिले में कांग्रेस कार्यालयों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए बुधवार को इन्हें ‘‘घृणित हमला’’ करार दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि इस तरह के हमले केरलम की राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने इन घटनाओं के लिए किसी को जिम्मेदार ठहराए बिना कहा कि राज्य हिंसा की राजनीति का मजबूती से विरोध करेगा। सतीशन ने कहा कि हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें दंडित किया जाएगा।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘मैं तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) कार्यालय और आणावूर कांग्रेस कार्यालय पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता हूं। कार्यालयों के खिलाफ बेहद घृणित हमला किया गया। इस तरह के तरीके केरलम की राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं हैं।’’ सतीशन ने कहा, ‘‘असहमति को दबाना फासीवादी तरीका है। लोकतांत्रिक केरलम हिंसा की राजनीति का मजबूती से विरोध करेगा। मैं आश्वस्त करता हूं कि दोषियों की तुरंत पहचान की जाएगी और उन्हें न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।’’
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) कार्यालय पर पथराव किया गया और आणावूर मंडलम समिति कार्यालय में आग लगा दी गई। टेलीविजन चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में एक व्यक्ति को कार्यालय परिसर की दीवार पर लगे सतीशन और दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के पोस्टरों पर कोई पदार्थ डालने और फिर उनमें आग लगाते हुए देखा गया। कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि यह घटना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता ने की। टेलीविजन चैनलों द्वारा प्रसारित सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों को स्कूटर से तिरुवनंतपुरम डीसीसी कार्यालय पहुंचते, इमारत पर पथराव करते, खिड़कियों और कांच के दरवाजों को नुकसान पहुंचाते और फिर वहां से जाते हुए भी देखा गया।
Similar Post
-
राजस्थान परिवहन विभाग का राजस्व 13.82 प्रतिशत बढ़ा
जयपुर, बुधवार, 30 सितंबर 2026। राजस्थान के परिवहन विभाग का राजस ...
-
नवीकरणीय ऊर्जा पारेषण के लिए पीएम-धारा योजना को मंजूरी, 1.86 लाख करोड़ रुपये होंगे खर्च
नई दिल्ली, बुधवार, 30 सितंबर 2026। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवा ...
-
जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
श्रीनगर, बुधवार, 30 सितंबर 2026। जम्मू कश्मीर विधानसभा की कार्य ...
