उत्तर प्रदेश: गोंडा जा रहे सांसद चंद्रशेखर को पुलिस ने रास्ते में रोका, समर्थकों ने किया हंगामा

img

बाराबंकी (उप्र), रविवार, 13 सितंबर 2026। गोंडा जिले में बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी की हत्या के मामले में रविवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जा रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना क्षेत्र से सांसद चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने बाराबंकी के मसौली क्षेत्र में रोक लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आजाद को रोके जाने से नाराज उनके समर्थकों ने शहाबपुर टोल प्लाजा पर हंगामा करते हुए कथित रूप से एक बैरियर तोड़ दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सांसद आजाद अपने समर्थकों के साथ लखनऊ से गोंडा जा रहे थे, तभी मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर टोल प्लाजा पर पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया और उन्हें रामनगर स्थित सर्किट हाउस ले जाया गया। उन्होंने बताया कि सांसद को रोके जाने की सूचना मिलने पर उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया और नाराज कार्यकर्ताओं ने शहाबपुर टोल प्लाजा का बैरियर जबरन तोड़ दिया, जिससे कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया गया। गोंडा जिले के परसपुर क्षेत्र स्थित शहपुर धनोवा में 10 सितंबर की रात बर्तन व्यापारी विनोद साहनी (45) दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। साहनी को गंभीर हालत में पहले परसपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल गोंडा ले जाया गया। बाद में उन्हें किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

विनोद साहनी निषाद समाज से जुड़े मुद्दे उठाते थे और समाजवादी पार्टी तथा निषाद पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों से उनका जुड़ाव रहा था। इससे पहले, शुक्रवार को सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप को रामनगर चौराहे पर रोका गया था, जिससे बाराबंकी-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो किलोमीटर लंबा जाम लगा था। इसके अलावा शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी मसौली में रोका गया था।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement