आप-जीएफपी के संयुक्त होर्डिंग से केजरीवाल के गोवा दौरे से पहले गठबंधन की अटकलें तेज

img

पणजी, शनिवार, 12 सितंबर 2026। गोवा के राजमार्गों पर शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) और गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के संयुक्त होर्डिंग दिखाई दिए, जिससे आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के दौरे से पहले तटीय राज्य में एक नए मोर्चे के उभरने को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इन होर्डिंग पर ‘उन्हें आपको तीसरी बार धोखा देने का मौका नहीं दें’ वाले नारे और दोनों दलों के चुनाव चिह्न प्रदर्शित किए गए हैं। इसे केजरीवाल की पार्टी और विजय सरदेसाई के नेतृत्व वाली पार्टी के बीच 2027 के गोवा विधानसभा चुनाव से पहले संभावित गठबंधन का संकेत माना जा रहा है। केजरीवाल ने शनिवार सुबह ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं आज गोवा जा रहा हूं और वहां एक बहुत बड़ी घोषणा करूंगा।” जीएफपी पूर्व उपमुख्यमंत्री सरदेसाई के नेतृत्व वाला क्षेत्रीय दल है। राज्य विधानसभा में सरदेसाई इस पार्टी के एकमात्र विधायक हैं, आप के दो विधायक वेंजी वीगास और क्रूज सिल्वा हैं जो दक्षिण गोवा की बेनौलिम और वेलिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। 

जीएफपी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि केजरीवाल रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें आप और जीएफपी के बीच गठबंधन की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह भाजपा और कांग्रेस दोनों से अलग गठबंधन होगा। जीएफपी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा था, जबकि आप ने अपने दम पर चुनाव लड़ा था। सरदेसाई के नेतृत्व वाली पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन को लेकर बातचीत कर रही थी, लेकिन बाद में उसने यह कहते हुए बातचीत रोक दी कि कांग्रेस की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। गोवा विधानसभा का चुनाव अगले साल मार्च में होगा।

Similar Post

LIFESTYLE

AUTOMOBILES

Recent Articles

Facebook Like

Subscribe

FLICKER IMAGES

Advertisement